![]()
बांदा में जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश ने शनिवार शाम 5 बजे जिला अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मंत्री ने ट्रॉमा सेंटर समेत अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों का दौरा किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बात कर व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। इस दौरान मरीजों के परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मंत्री को कई शिकायतें बताईं। निरीक्षण के दौरान मंत्री को छह पर्चियां मिलीं। इन पर्चियों में मरीजों को अस्पताल के बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए लिखा गया था। मंत्री ने इन पर्चियों को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली और अस्पताल में ऐसी व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की। वहीं, ओटी में पट्टी लगाने वाले एक कर्मचारी पर भी पैसे लेने की शिकायत सामने आई। बताया गया कि कर्मचारी ने एक व्यक्ति से 300 रुपये लिए थे। शिकायत मिलने के बाद लिए गए 300 रुपये तुरंत वापस करा दिए गए। मंत्री ने कहा कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों से किसी भी तरह की अवैध वसूली या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री रामकेश ने सीएमओ, सीएमएस और डॉक्टरों को निर्देश देते हुए कहा कि जो भी कर्मचारी लापरवाही बरतते हैं या ऐसी गड़बड़ी में शामिल पाए जाते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लोगों की सेवा करने का मौका मिला है, इसलिए मरीजों को इलाज और दवाइयों के लिए भटकना न पड़े, यह अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं को गंभीरता से देखेंगे और व्यवस्थाओं में सुधार कराएंगे। वहीं, जिला अस्पताल में पर्चियों के माध्यम से बाहर की दवाइयां लिखे जाने और रुपये लिए जाने की शिकायतों को लेकर बांदा सीएमओ विजेंद्र कुमार ने भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी इस तरह की हरकत करता हुआ पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री रामकेश ने कहा कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए वह उपमुख्यमंत्री से संवाद करेंगे और अस्पताल की व्यवस्थाएं ठीक कराने के लिए उन्हें पत्र भी भेजेंगे। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों की शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेने और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
Source link
मंत्री को औचक निरीक्षण में मिलीं 6 पर्चियां:बाहर से दवा लिखने पर नाराजगी, 300 रुपये भी वापस कराए
