Headlines

CM से मिले व्यापारी; समस्या बताई:भदोही जिले की मंडी में अनियमितता का आरोप लगाया




दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने शनिवार को व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल मिला। चैंबर आफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंघानिया के नेतृत्व में व्यापारियों ने गोरखनाथ मंदिर में उनसे मुलाकात की। व्यापारियों ने भदोही जिले की गोपीगंज मंडी समिति में अनियमितता का आरोप लगाया। संजय सिंघानिया ने कहा कि गोरखपुर के पशु आहार के विक्रेता महावीर पशु आहार केंद्र के पशु आहार को अरहर की दाल बताकर मंडी समिति ने रोक लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में व्यापारी का उत्पीड़न किया जा रहा है।
व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी का ट्रक मंडी समिति ने रोक लिया और बिना वीडियोग्राफी, बिना पंचनामा, सैंपलिंग व लैब रिपोर्ट के यह लिख दिया गया कि ट्रक में अरहर की दाल है और माल को गोदाम में रखवा दिया गया।
उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक बिना आडियो-वीडियो के जब्ती अवैध है। कोर्ट के आदेश के मुताबिक माल पशु आहार है या दाल, यह केवल सरकारी लैब तय करेगी। लेकिन मंडी समिति ने इनमें से किसी आदेश का पालन नहीं किया।
संजय सिंघानिया ने बताया कि 22 जुलाई को जनता दर्शन में दिए गए आदेश को भी 40 दिन तक दबाए रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सोशल मीडिया पर आवाज उठायी गई तो मंडी से फर्जी आख्या दे दी गई। इसमें 28/29 अगस्त को अवगत दिखाया गया है और उसपर हस्ताक्षर 2 सितंबर का है। व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि कोर्ट ने ट्रक को रिहा कर दिया है। लेकिन माल अभी भी बंधक है। व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संजय सिंघानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण को ध्यान से सुना है। उन्होंने इस मामले में जल्द ही सख्त कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधि मंडल में मनीष गुप्ता, अशोक कुमार, अजय जायसवाल आदि उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *