Headlines

रोहतक के मनोज बने इंडियन शूटिंग टीम के कोच:एशियन गेम्स में संभालेंगे भारतीय टीम की कमान, 19 सितंबर से जापान में होगी प्रतियोगिता




रोहतक जिले के मोरखेड़ी गांव के रहने वाले भीम अवॉर्डी और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता मनोज कुमार ओहल्याण को एशियन गेम्स के लिए भारतीय निशानेबाजी टीम के 50 मीटर राइफल इवेंट का हेड कोच बनाया गया है। उन्हें दूसरी बार यह जिम्मेदारी मिली है। इस बार एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में होंगे। मनोज कुमार इससे पहले हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में भी भारतीय 50 मीटर राइफल टीम के हेड कोच थे। उनके नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक जीते थे। इनमें सिफ्ट कौर समरा का विश्व रिकॉर्ड के साथ व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी शामिल था। इसके अलावा, पुरुष टीम ने स्वर्ण, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने व्यक्तिगत रजत, महिला टीम ने रजत और आशी चौकसी ने व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता था। उनके मार्गदर्शन में भारतीय पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम ने 2023 विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीतकर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। मनोज खुद भी थे अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज मनोज कुमार खुद एक सफल अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज रहे हैं और देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। खेलों में उनके योगदान के लिए हरियाणा सरकार ने उन्हें प्रतिष्ठित भीम अवॉर्ड से सम्मानित किया है। लंबे समय से भारतीय टीम से जुड़े मनोज कुमार के मार्गदर्शन में देश के निशानेबाजों ने ओलंपिक, एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप, विश्व कप और एशियन चैंपियनशिप में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। मनोज कुमार ने बताया कि यह जिम्मेदारी उन्हें नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के भरोसे और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के लगातार सहयोग से मिली है। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही भारतीय निशानेबाजी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रही है। उनका लक्ष्य पिछले प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए आगामी एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा पदक जीतने के लिए तैयार करना है। इस उपलब्धि पर मोरखेड़ी गांव में खुशी का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *