अमृतसर में मामूली कहासुनी के बाद खूनी रंजिश:रास्ते में खराब बाइक को लेकर विवाद, युवक की किरचों से हत्या




अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक दिन पहले हुए विवाद के बाद दूसरे पक्ष ने रंजिश रखते हुए कुलजीत सिंह पर हमला किया। मृतक की पहचान कुलजीत सिंह निवासी डल्ला राजपूतां के रूप में हुई है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक दिन पहले सड़क पर बाइक रुकने को लेकर हुई थी। बाइक रास्ते में बंद हो गई थी, इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने बाइक को साइड में करने की बात कही, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हो गई। इस दौरान मृतक के परिवार के सदस्य सत्ता सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी। परिजनों का आरोप है कि सत्ता सिंह के साथ भी मारपीट की गई और उसे गंभीर चोटें आने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। दादी का रो-रोकर बुरा हाल मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की दादी ने बताया कि पहले उनके बड़े पोते के साथ भी मारपीट हुई थी और अब छोटे पोते कुलजीत सिंह की जान चली गई। परिवार का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुलजीत सिंह निवासी डल्ला राजपूतां की हत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और परिवार जिन लोगों के नाम बताएगा, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पहले से किसी झगड़े की सूचना पुलिस के पास नहीं थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *