![]()
रोहतक में नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने सरकार द्वारा नोटिस जारी करने पर विरोध प्रकट करते हुए आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया। साथ ही सरकारी आदेशों की प्रतियों को लेकर होली जलाई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर सभी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 13 को कुरुक्षेत्र में पंचायत करके सीएम का घेराव किया जाएगा। नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान शंभू टांक ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल एक माह से चल रही है, लेकिन सरकार समस्याओं का समाधान करने की बजाय हड़ताल तोड़ने में लगी हुई है। कर्मचारियों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास हो रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। हठधर्मिता को छोड़कर सरकार करे समाधान
शंभू टांक ने कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता को छोड़कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान करे। भाजपा सरकार पहले तो सफाई कर्मचारियों को रीड की हड्डी मान रही थी, लेकिन अब उसी रीड की हड्डी को तोड़ने का काम कर रही है। देश को साफ सुथरा रखने में सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका है, उन्हें नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। सीएम के रात जारी हुए बयान के बारे में शीर्ष नेता कर रहे चर्चा
शंभू टांक ने कहा कि सीएम ने रात को कुछ घोषणा की है, जिसके बारे में प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री सहित शीर्ष नेता चर्चा कर रहे है। प्रदेश स्तरीय मीटिंग में चर्चा के बाद जो भी निर्णय होगा, उसी के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी। जनता को परेशान करना नहीं उद्देश्य
शंभू टांक ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का उद्देश्य जनता को परेशान करने का नहीं है, इसलिए अब सड़कों पर कचरा नहीं डाल रहे। बल्कि 46 डंपिंग प्वाइंट पर कचरा डाल रहे हैं और वहां से कचरे को उठने नहीं दे रहे। सरकार कर्मचारियों की बात मान ले, वह स्वयं कचरे को साफ करवा देंगे।
Source link
रोहतक में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन तेज करने का आह्वान:सरकारी आदेशों की जलाई होली, 13 को कुरुक्षेत्र में होगी पंचायत
