![]()
फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद कर ब्रेजा गाड़ी में सवार 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मुक्तसर जिले के गांव हरीके कलां निवासी संदीप सिंह उर्फ सीपा, फरीदकोट जिले के गांव खारा निवासी मनवीर सिंह उर्फ हनी तथा कोटकपूरा के अमन नगर निवासी प्रवेश और नानक नगरी निवासी वासु बिरला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ फरीदकोट के प्रभारी हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टीम जब देर शाम कोटकपूरा-मुक्तसर रोड पर गांव खारा स्थित बंद पड़े पेट्रोल पंप की खंडहरनुमा इमारत के पास पहुंची तो वहां एक ब्रेजा गाड़ी खड़ी दिखाई दी और उसके पास 4 युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे। पुलिस टीम को अपनी ओर आते देखकर चारों युवक तेजी से ब्रेजा गाड़ी में सवार हो गए और गाड़ी स्टार्ट कर वहां से फरार होने का प्रयास किया। शक के आधार पर ली गाड़ी की तलाशी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी को रोक लिया। शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी लेने पर 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में मामला दर्ज कर लिया है तथा उनसे पूछताछ की जा रही है। पंजाब पुलिस द्वारा तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी: स्पीकर जिला पुलिस की इस कार्रवाई की पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने सराहना करते हुए कहा कि फरीदकोट सहित पूरे पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार और पुलिस लगातार प्रयास कर रही हैं। पिछले कुछ समय के दौरान फरीदकोट पुलिस ने बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार कर नशे की सप्लाई लाइन तोड़ने में सफलता हासिल की है।
Source link
फरीदकोट में 4 किलो हेरोइन समेत 4 तस्कर अरेस्ट:ब्रेजा गाड़ी में नशे की सप्लाई करते दबोचा; संधवां बोले-तस्करों पर कार्रवाई रहेगी जारी
