![]()
हजारीबाग के पदमा थाना क्षेत्र के सूर्यपूरा में दिनदहाड़े एक सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। सूर्यपूरा निवासी रामजय प्रसाद मेहता दाढ़ी बनवाने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए एक अज्ञात अपराधी ने उन पर गोली चला दी। गोली उनकी कमर में लगी और वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर तेजी से मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल शिक्षक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अपराधियों की बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर ने हेलमेट पहन रखा था, इसलिए उसका चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका। इसके अलावा जिस बाइक से वह आया था, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। इससे पुलिस के सामने आरोपी की पहचान करना चुनौती बन गया है। पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर हमलावर के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया है। हमले की वजह अब तक स्पष्ट नहीं पुलिस ने हमलावर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारने के पीछे आखिर क्या वजह थी। अब तक हमले के कारण को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पदमा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पुलिस हमलावर तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। इधर, घटना के बाद रामजय प्रसाद मेहता के परिजनों में चिंता और आक्रोश है।
Source link
हजारीबाग में रिटायर्ड शिक्षक को गोली मारकर घायल किया:दाढ़ी बनवाकर घर लौट रहे थे, पीछे से बाइक सवार ने चलाई गोली, पुलिस जांच में जुटी
