जालंधर में CIA स्टाफ का फर्जी कर्मचारी बन पहुंचे युवक:किचन के रास्ते रेस्टोरेंट में घुसे; मालिक को रिवॉल्वर दिखाई, पुराने कर्मचारी का पता पूछा




जालंधर में सीआईए स्टाफ का फर्जी कर्मचारी बनकर दो अज्ञात युवकों ने अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक को हथियार के बल पर धमकाया। रेस्टोरेंट के पीछे स्थित किचन के रास्ते से अंदर घुसे आरोपियों के पास .45 बोर की रिवॉल्वर थी। उन्होंने मालिक से पुराने कर्मचारी के बारे में पूछताछ की। घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। स्थानीय थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 3 महीने पहले ही रेस्टोरेंट टेकओवर करके शुरू किया
मालिक अरुणदीप ने बताया कि उन्होंने करीब तीन महीने पहले ही यह रेस्टोरेंट टेकओवर करके शुरू किया है। रविवार रात दो युवक रेस्टोरेंट के मुख्य द्वार से आने के बजाय पीछे स्थित किचन के रास्ते से जबरन अंदर दाखिल हुए। जब किचन स्टाफ ने उनसे आने का कारण पूछा तो आरोपियों ने खुद को सीआईए स्टाफ का पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद दोनों बिना किसी अनुमति के सीधे नीचे बेसमेंट में पहुंच गए, जहां मालिक बैठा हुआ था। मालिक से गुरविंदर नाम के युवक के बारे में पूछा
बेसमेंट में पहुंचते ही आरोपियों ने हाथ में पकड़ी रिवॉल्वर दिखाकर मालिक से गुरविंदर नाम के युवक के बारे में पूछा। रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि उसने हाल ही में यह रेस्टोरेंट लिया है। गुरविंदर नाम का कोई व्यक्ति अब यहां काम नहीं करता। इस पर आरोपी उससे बहस करने लगे। जब मालिक ने आरोपियों से उनका पहचान पत्र (ID कार्ड) मांगा तो उन्होंने कोई पहचान पत्र नहीं दिखाया। वह उसे हथियार दिखाकर डराते रहे। पहले भी हमला किया जा चुका
रेस्टोरेंट मालिक ने शहर में व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में अज्ञात लोगों द्वारा उन पर दो बार पहले भी हमला किया जा चुका है। पूर्व में रेस्टोरेंट चलाने वालों का क्या विवाद था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। ऐसे में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर घूम रहे लोगों के कारण व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। गौरतलब है कि हाल ही में भार्गव कैंप क्षेत्र में डिवीजन नंबर-5 का सीआईए अधिकारी बनकर लोगों के घरों में लूटपाट की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को स्थानीय निवासियों ने मौके पर ही पकड़ लिया था। इस ताजा वारदात की सीसीटीवी फुटेज पुलिस कमिश्नर, एसीपी वेस्ट और थाना एसएचओ को भेज दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मालिक के बयान दर्ज किए और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *