![]()
धमतरी में बिजली बिल का भुगतान नहीं होने पर बिजली विभाग ने करीब 25 सरकारी विभागों के कनेक्शन काट दिए हैं। इन दफ्तरों में काम कराने पहुंचे लोगों को बिना पंखे के गर्मी में बैठना पड़ रहा है। सोमवार को जिला पंजीयन कार्यालय का भी कनेक्शन काट दिया गया, जिससे जमीन रजिस्ट्री का काम प्रभावित हुआ। बिजली विभाग के मुताबिक, जिले के 56 सरकारी विभागों पर करीब 47 करोड़ 42 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया है। बिजली विभाग के मुताबिक, जून महीने से कई सरकारी विभागों के बिजली बिल का भुगतान नहीं हुआ है। इसके बाद विभाग ने बकाया बिल की वसूली के लिए कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की है। सोमवार को जिला पंजीयन कार्यालय का भी बिजली कनेक्शन काट दिया गया। यहां जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े काम होते हैं। बिजली बंद होने के कारण सुबह से पहुंचे लोगों के रजिस्ट्री के काम अटक गए। उप पंजीयक कार्यालय पहुंचे लोगों ने बताया कि वे अपना काम कराने आए थे, लेकिन कई घंटे से बिजली बंद है। इसके चलते उन्हें कार्यालय के बाहर इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि समय पर बिजली बिल का भुगतान होना चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और उनके काम समय पर पूरे हो सकें। धमतरी बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता अनिल सोनी ने बताया कि जिले के 56 सरकारी विभागों पर करीब 47 करोड़ 42 लाख 19 हजार 928 रुपए का बिजली बिल बकाया है। सभी संबंधित विभागों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद 25 विभागों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि सरकारी विभागों के बिजली बिल का भुगतान प्रीपेड व्यवस्था के तहत किया जाना है। इसके लिए राज्य सरकार से फंड मिलता है। फंड मिलते ही बकाया बिजली बिल का भुगतान कर दिया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि आगे बिजली कनेक्शन काटने की स्थिति न बने, इसके लिए समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
Source link
धमतरी में 25 सरकारी दफ्तरों की बिजली कटी:56 विभागों पर 47 करोड़ से ज्यादा बिल बकाया, भुगतान न होने पर विभाग ने की कार्रवाई
