![]()
दिल्ली और हलवारा के बीच एयर इंडिया की हवाई सेवा एक बार फिर यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी। सोमवार सुबह दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-482 परिचालन कारणों के चलते रद्द कर दी गई। उड़ान पकड़ने के लिए हलवारा एयरपोर्ट पहुंचे करीब 60 यात्रियों को बिना यात्रा किए ही वापस लौटना पड़ा। कई यात्रियों ने दोपहर की फ्लाइट में सीट बुक कराई, जबकि कुछ ने अपनी यात्रा की तारीख बदल दी। एयर इंडिया की ओर से यात्रियों को फ्लाइट रद्द होने की सूचना सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे दे दी गई थी। इसके बावजूद कई यात्री निर्धारित समय के अनुसार एयरपोर्ट पहुंच गए। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें उड़ान रद्द होने की जानकारी मिली। एक विमान के रोटेशन पर निर्भर है पूरी सेवा दिल्ली से हलवारा आने और फिर हलवारा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट एक ही विमान के रोटेशन पर निर्भर रहती है। ऐसे में दिल्ली से विमान हलवारा नहीं पहुंचा तो यहां से दिल्ली जाने वाली उड़ान भी रद्द हो गई। इसका सीधा असर दोनों तरफ के यात्रियों पर पड़ा। यात्रियों का कहना है कि उड़ान रद्द होने की स्थिति में एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था और अगली उड़ान को लेकर स्पष्ट जानकारी समय पर मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें एयरपोर्ट तक आने-जाने में अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। पहले भी तकनीकी खराबी से परेशान हो चुके हैं यात्री हलवारा एयरपोर्ट से एयर इंडिया की उड़ानों को लेकर यात्रियों की परेशानी नई नहीं है। इससे पहले भी तकनीकी खराबी के कारण उड़ानों में देरी हो चुकी है। यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा था। अब परिचालन कारणों से फ्लाइट रद्द होने के बाद नियमित यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। यात्रियों का सवाल है कि तकनीकी या परिचालन संबंधी दिक्कत आने पर उन्हें पर्याप्त समय पहले सूचना क्यों नहीं मिलती और वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था के बारे में स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी जाती। दिल्ली में बारिश से भी प्रभावित हुआ हवाई परिचालन दिल्ली में हाल में हुई भारी बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के परिचालन पर भी पड़ा था। 4 सितंबर को भारी बारिश के कारण टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 के आसपास जलभराव की स्थिति बनी थी। खराब मौसम, कम दृश्यता और तेज हवाओं के कारण कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था और कम से कम 11 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया था। हालांकि, सोमवार को हलवारा-दिल्ली फ्लाइट रद्द होने का कारण एयर इंडिया ने परिचालन संबंधी बताया है। अगस्त में करीब एक हजार यात्रियों की कमी उड़ानों में लगातार आ रही दिक्कतों के बीच हलवारा एयरपोर्ट के यात्री आंकड़े भी चिंता बढ़ा रहे हैं। अगस्त में सुबह और शाम की उड़ानों से दिल्ली से हलवारा 4,976 यात्री पहुंचे, जबकि हलवारा से दिल्ली 5,780 यात्रियों ने सफर किया। हलवारा एयरपोर्ट के निदेशक जागीर सिंह के अनुसार, जून और जुलाई में छुट्टियों के कारण यात्रियों की संख्या अधिक रही थी, लेकिन अगस्त में करीब एक हजार यात्रियों की कमी दर्ज की गई। एयरपोर्ट आने-जाने का महंगा किराया भी परेशानी यात्रियों के मुताबिक, केवल हवाई टिकट ही नहीं, बल्कि हलवारा एयरपोर्ट तक पहुंचने और वापस आने का खर्च भी बड़ी चुनौती है। एयरपोर्ट के आसपास टैक्सी के सीमित विकल्प होने के कारण कुछ ऑपरेटर अधिक किराया वसूल रहे हैं। 10 सितंबर से शाम की फ्लाइट का समय बदलेगा हलवारा एयरपोर्ट से शाम की उड़ान के समय में 10 सितंबर से बदलाव किया जाएगा। अभी यह उड़ान दोपहर 2:40 बजे हलवारा से रवाना होती है। नए शेड्यूल के अनुसार यह उड़ान अब शाम 4:05 बजे रवाना होगी। सुबह की उड़ान के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
Source link
दिल्ली-हलवारा एयर इंडिया फ्लाइट रद्द:60 यात्री बैरंग लौटे, कई ने बदली यात्रा की तारीख
