29 मिनट पहलेलेखक: अदिति ओझा
- कॉपी लिंक

सफेद कपड़ों की चमक अलग ही दिखती है। लेकिन इस्तेमाल के कुछ ही महीनों में ये पीले या मटमैले नजर आने लगते हैं। बहुत से लोग इसे कपड़े के पुराने होने का असर मानते हैं। जबकि कई बार गलत तरीके से कपड़े धोने, ज्यादा ब्लीच यूज करने या कपड़ों की सही केयर न करने से भी वो पुराने पड़ जाते हैं।
‘अमेरिकन क्लीनिकल इंस्टीट्यूट’ (ACI) के मुताबिक, कपड़े रंग, फैब्रिक और केयर लेबल के अनुसार धोने चाहिए। साथ ही सही वॉश साइकिल चुनना भी जरूरी है।
इसलिए ‘जरूरत की खबर’ में आज सफेद कपड़ों की चमक लौटाने के आसान तरीकों पर बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-
- सफेद कपड़े पीले क्यों पड़ते हैं?
- सफेद कपड़ों की केयर कैसे करनी चाहिए?
सवाल- सफेद कपड़े समय के साथ पीले क्यों पड़ जाते हैं?
जवाब- इसके कई कारण हैं-
पसीना और सीबम
- पसीना और शरीर से निकलने वाला सीबम रेशों में जम जाते हैं।
- इससे कपड़े पर पीले दाग पड़ने लगते हैं।
डिटर्जेंट का अवशेष
- डिटर्जेंट पूरी तरह नहीं धुलता।
- उसका अवशेष कपड़ों की सफेदी कम कर देता है।
हार्ड वाटर
- पानी में मौजूद कैल्शियम, मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स रेशों में जमा हो जाते हैं।
- इससे कपड़े मटमैले दिखने लगते हैं।
धूप और ऑक्सिडेशन
- तेज धूप रेशों का रंग बदल देती है।
- कपड़े धीरे-धीरे पीले पड़ने लगते हैं।
लंबे समय तक स्टोर करना
- बंद अलमारी और नमी भी पीलापन बढ़ाती है।
- लंबे समय तक रखे कपड़े पीले पड़ सकते हैं।
ब्लीच और गर्म आयरन का इस्तेमाल
- ज्यादा ब्लीच और तेज गर्मी रेशों को नुकसान पहुंचाती है।
- इससे कपड़ों की सफेदी घटने लगती है।
बार-बार धुलाई
- लगातार धुलाई से रेशे घिसने लगते हैं।
- इससे कपड़ों की सफेदी फीकी पड़ जाती है।
सवाल- सफेद कपड़ों की चमक वापस कैसे लाएं?
जवाब- इसके कई तरीके हैं। पॉइंटर्स से समझिए-
- ऑक्सीजन-बेस्ड व्हाइटनर से कपड़े धोएं। यह मटमैलापन कम करता है।
- ऑप्टिकल ब्राइटनर वाला डिटर्जेंट चुनें। इससे कपड़े चमकदार दिखते हैं।
- जिद्दी पीलापन हो तो दोबारा धोएं। एक बार की धुलाई में हमेशा पूरी सफेदी नहीं लौटती।
- पुराने पीले कपड़ों को प्रोफेशनल लॉन्ड्री में दें। वहां व्हाइटनिंग ट्रीटमेंट दिया जाता है।
- ध्यान रखें, अगर कपड़े के रेशे घिस चुके हैं तो पुरानी चमक लौटाना संभव नहीं है।
सवाल- सफेद शर्ट, कुर्ते से अंडरआर्म के पीले दाग कैसे हटाएं?
जवाब- इसके लिए कुछ तरीके अपनाएं-
- दाग वाली जगह पर लिक्विड डिटर्जेंट लगाएं। 15–20 मिनट छोड़कर हल्के हाथ से रगड़ें।
- ऑक्सीजन-बेस्ड स्टेन रिमूवर इस्तेमाल करें। यह सफेद कपड़ों के लिए सुरक्षित माना जाता है।
- केयर लेबल के अनुसार पानी चुनें। जितना टेम्परेचर वैलिड हो, उसी में कपड़े धोएं।
- पुराने दाग एक बार में पूरी तरह नहीं निकलते। इसलिए जरूरी हो तो दोबारा धोएं।
- दाग रहने पर आयरन न करें। गर्मी दाग को रेशों में स्थायी बना सकती है।
सवाल- सफेद कपड़े धोने का सही तरीका क्या है?
जवाब- सफेद कपड़े धोते समय इन बातों का खास ख्याल रखें-
- केयर लेबल देखकर वॉश साइकिल चुनें।
- वॉशिंग मशीन 70-80% तक ही भरें। ओवरलोडिंग से कपड़े कम साफ होते हैं।
- लिक्विड डिटर्जेंट इस्तेमाल करें। इससे अवशेष कम बचता है।
- एक्स्ट्रा रिंस करें। इससे डिटर्जेंट पूरी तरह निकल जाता है।
- धुले कपड़े तुरंत सुखाएं। देर तक गीले रहने से पीलापन आ सकता है।
- मशीन का ड्रम रेगुलर साफ करें। गंदा ड्रम भी सफेद कपड़ों को मटमैला कर सकता है।
सवाल- धोने से कितनी देर पहले पानी में भिगोएं?
जवाब- अगर सफेद कपड़े बहुत गंदे हैं या उन पर पसीने के निशान हैं, तो धोने से पहले कुछ देर भिगोना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि बहुत देर तक पानी में नहीं छोड़ना चाहिए।
- सामान्य गंदगी के लिए 15–20 मिनट भिगोना काफी है।
- ज्यादा गंदे कपड़ों के लिए 30 मिनट तक भिगो सकते हैं।
सवाल- कपड़े गर्म पानी में भिगोएं या सामान्य पानी में?
जवाब- यह कपड़े के फैब्रिक और केयर लेबल पर निर्भर करता है। हर सफेद कपड़े के लिए गर्म पानी सही नहीं होता।
- सूती कपड़े को हल्के गुनगुने पानी में भिगो सकते हैं।
- सिंथेटिक और नाजुक फैब्रिक वाले कपड़े को सामान्य या ठंडे पानी में भिगोना चाहिए। गर्म पानी से कपड़ा सिकुड़ सकता है और रेशे कमजोर हो सकते हैं।
- हमेशा केयर लेबल देखें। उसी के अनुसार पानी का तापमान चुनें।
सवाल- सफेद कपड़ों की चमक लौटाने के घरेलू देसी तरीके क्या हैं?
जवाब- अगर सफेद कपड़े हल्के पीले या मटमैले हैं तो कुछ आसान घरेलू उपाय उनकी सफेदी और चमक लौटाने में मदद कर सकते हैं। ग्राफिक में देखिए-

सवाल- सफेद कपड़ों के लिए लिक्विड डिटर्जेंट बेहतर है या पाउडर?
जवाब- दोनों डिटर्जेंट सफाई करते हैं। इसका सही विकल्प कपड़ों की गंदगी और फैब्रिक पर निर्भर करता है।
- रोज पहनने वाले कपड़ों के लिए लिक्विड डिटर्जेंट अच्छा ऑप्शन है।
- मिट्टी और जिद्दी दाग हटाने में पाउडर डिटर्जेंट ज्यादा असरदार होता है।
- कॉटन और मजबूत फैब्रिक पर दोनों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- नाजुक फैब्रिक के लिए लिक्विड डिटर्जेंट बेहतर होता है।
सवाल- क्या हर सफेद कपड़े पर ब्लीच इस्तेमाल करना सही है?
जवाब- नहीं, इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखें-
- केयर लेबल देखकर ही ब्लीच इस्तेमाल करें।
- ऊन, सिल्क और कई सिंथेटिक फैब्रिक पर ब्लीच नुकसान पहुंचा सकती है।
- बार-बार ब्लीच करने से कपड़े के रेशे कमजोर पड़ सकते हैं।
- जरूरत पड़ने पर ही ब्लीच का इस्तेमाल करें।
- इस्तेमाल से पहले कपड़े के छोटे हिस्से पर टेस्ट करें।
सवाल- वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते हुए कौन-सी गलतियां कपड़ों को पीला कर देती हैं?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- मशीन को जरूरत से ज्यादा भरना।
- गलत स्पिन मोड चुनना।
- सफेद और रंगीन कपड़े एक साथ धोना।
- गंदे कपड़ों को सफेद कपड़ों के साथ धोना।
- मशीन की रेगुलर सफाई न करना।
सवाल- सफेद कपड़े धोते समय किन बातों का ध्यान रखें?
जवाब- धुलाई के दौरान की गई छोटी गलतियां भी सफेद कपड़ों की चमक कम कर सकती हैं। इन बातों का ध्यान रखें-

सवाल- सफेद कपड़े सुखाने का सही तरीका क्या है?
जवाब- पॉइंटर्स में देखिए-
- शर्ट और कुर्ते हैंगर पर सुखाएं। इससे सिलवटें कम पड़ती हैं।
- कॉलर, कफ और जेबें सीधी करके सुखाएं। इनमें नमी देर तक रहती है।
- कपड़ों के बीच 2–3 इंच की दूरी रखें। इससे कपड़े जल्दी सूखते हैं।
- धूप में उल्टा करके सुखाएं। इससे कपड़े की बाहरी सतह लंबे समय तक अच्छी बनी रहती है।
- पूरी तरह सूखने के बाद ही अलमारी में रखें।
सवाल- क्या धूप में ज्यादा देर छोड़ने से कपड़ों में चमक आती है?
जवाब- नहीं, ज्यादा देर तक धूप में रखने से सफेदी नहीं बढ़ती, बल्कि कपड़े को नुकसान हो सकता है। इससे रेशे कमजोर पड़ सकते हैं। कपड़े की चमक भी फीकी हो जाती है।
सवाल- सफेद कपड़े धोने के बाद कैसे स्टोर करें?
जवाब- पॉइंटर्स से देखिए-
- सफेद कपड़ों को रंगीन कपड़ों से अलग रखें।
- लंबे समय तक प्लास्टिक बैग में स्टोर न करें। कपड़ों को हवा मिलनी चाहिए।
- अलमारी में नमी न जमा होने दें। जरूरत हो तो सिलिका जेल या नमी सोखने वाला पैक रखें।
- लंबे समय तक रखे कपड़ों को बीच-बीच में निकालकर हवा लगाएं।
- एसिड-फ्री टिश्यू पेपर में लपेटकर रखें। इससे लंबे समय तक रखे सफेद कपड़ों में पीलापन आने का रिस्क कम होता है।
सवाल- सफेद कपड़े धोते हुए क्या गलतियां नहीं करनी चाहिए?
जवाब- सफेद कपड़ों को साफ करने में लोग अक्सर ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो सफेदी बढ़ाने की बजाय कपड़ों को नुकसान पहुंचा देती हैं। ग्राफिक में सभी गलतियां देखिए-

सवाल- कब कपड़े की सफेदी वापस आना मुश्किल होता है?
जवाब- हर पीला या मटमैला कपड़ा फिर से पहले जैसा सफेद नहीं हो सकता। इन स्थितियों में सफेदी लौटाना मुश्किल हो जाता है। अगर-
- पुराने पीले दाग रेशों में जम गए हों।
- बार-बार ब्लीच इस्तेमाल किया गया हो।
- कपड़े के रेशे कमजोर हो चुके हों।
- कई साल पुराने कपड़े हों।
- तेज धूप से कपड़े का रंग स्थायी रूप से बदल गया हो।
***************
ग्राफिक्स- महेंद्र वर्मा
…………………
जरूरत की ये खबर भी पढ़ें
जरूरत की खबर- वाहन बीमा के नियमों में बदलाव: एक्सपर्ट से जानें जेब पर पड़ेगा कितना असर, नए इंश्योरेंस रूल्स के फायदे-नुकसान

अगर नई कार या बाइक खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने नए चार पहिया वाहनों के लिए 4 साल और नए दोपहिया वाहनों के लिए 6 साल का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य करने का निर्देश दिया है। पूरी खबर पढ़िए…

