![]()
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही एंटी करप्शन ब्यूरो का एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। इस ऐप के माध्यम से प्रदेश के लोग घर बैठे ही भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत मिलते ही विजिलेंस और एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम एक क्लिक पर लोगों की पहुंच में होगी और शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह जानकारी हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के डीजीपी अर्शिन्दर सिंह चावला ने फरीदाबाद के सेक्टर-78 में एसीबी के नए कार्यालय भवन की आधारशिला रखने के दौरान दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। इसी कड़ी में ऐसा सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा एसीबी का नया भवन डीजीपी ने बताया कि सेक्टर-78 में बनने वाला एंटी करप्शन ब्यूरो का नया कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके वर्ष 2028 तक तैयार होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि एसीबी का उद्देश्य भ्रष्टाचार करने वालों के मन में कानून का डर पैदा करना है। यही कारण है कि हरियाणा में लगातार भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और आए दिन रिश्वतखोरी के मामलों में गिरफ्तारी भी हो रही है। भ्रष्टाचार से परेशान व्यक्ति बिना डर के करे संपर्क उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी सरकारी अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगने या किसी अन्य प्रकार के भ्रष्टाचार से परेशान है तो वह बिना किसी डर के एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क करे। आने वाले समय में नया ऐप इस प्रक्रिया को और आसान बना देगा, जिससे शिकायत सीधे एसीबी तक पहुंचेगी और उस पर जल्द कार्रवाई की जा सकेगी। फरीदाबाद नगर निगम के भ्रष्टाचार की चल रही जांच : अर्शिन्दर सिंह फरीदाबाद नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार की जांच को लेकर पूछे गए सवाल पर डीजीपी अर्शिन्दर सिंह चावला ने कहा कि मामले की जांच तेजी से चल रही है। उन्होंने बताया कि जांच की समीक्षा भी की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने एसीबी अधिकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए।
Source link
हरियाणा में जल्द लॉन्च होगा ACB का नया ऐप:लोग घर बैठे कर सकेंगे भ्रष्टा अधिकारियों की शिकायत, फरीदाबाद में बन रही नई बिल्डिंग
