![]()
समस्तीपुर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और उजियारपुर सांसद नित्यानंद राय ने मंगलवार को मोहनपुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने यहां राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने भी पूरी तैयारी की थी। उन्होंने बाढ़ की स्थिति देखी और प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। नित्यानंद राय ने नाव से बाढ़ के पानी में घिरे कई टोलों का दौरा किया। उन्होंने उन इलाकों में पहुंचकर राहत सामग्री बांटी, जहां पानी भरने से लोग फंस गए थे। मंत्री ने लोगों से बातचीत कर उनकी दिक्कतें जानीं। इसमें भोजन, पीने का पानी, स्वास्थ्य सुविधा और पशुओं के लिए चारे जैसी जरूरतें शामिल थीं। दौरे के दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने प्रशासन की तरफ से चलाई जा रही सामुदायिक रसोई, पशु शिविर, मेडिकल कैंप और साफ पानी की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से इन व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, दवा और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। ‘केंद्र और राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है’ मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। संकट के इस समय में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार की कोशिश है कि बाढ़ से प्रभावित हर परिवार तक समय पर मदद पहुंचे और जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता मिले। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कामों में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खास तौर पर प्रभावित परिवारों के बीच जीआर (ग्रैट्यूटस रिलीफ) बांटने में तेजी लाने को कहा। इससे पात्र परिवारों को सरकारी मदद का फायदा जल्दी मिल सकेगा। उन्होंने प्रशासन को इलाके की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के हिसाब से राहत-बचाव काम चलाने का निर्देश भी दिया। नाव और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाए नित्यानंद राय ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ के कारण जिन इलाकों में लोगों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है, वहां नाव सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता की जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने और बीमार लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। ग्रामीणों की समस्या के समाधान के दिए निर्देश बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत के दौरान लोगों ने भी अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राहत-बचाव कार्यों की प्राथमिकता प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मंत्री के दौरे के दौरान राजेश कुमार, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन समेत जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति और अब तक किए गए राहत कार्यों की जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को दी। केंद्रीय मंत्री के इस दौरे से प्रशासनिक अमले को भी राहत कार्यों में तेजी लाने का स्पष्ट संदेश मिला है।
Source link
बाढ़ में फंसे लोगों के बीच राहत सामग्री बांटी:मंत्री नित्यानंद ने पानी से घिरे टोलों का नाव से किया निरीक्षण, ग्रामीणों ने बताई परेशानियां
