![]()
सीवान में महावीरी झंडा जुलूस के नाम पर चंदा मांगने को लेकर सीवान के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव में 2 ई-रिक्शा चालकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक का आरोप है कि चंदा देने में असमर्थता जताने पर पहले रास्ता रोका गया, फिर उसके साथ मारपीट की गई और हद तो तब हो गई, जब कुछ युवकों ने उसका चेहरा बगल के गड्ढे में जमा पानी में डुबोकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से भागा। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। पीड़ित ई-रिक्शा चालक के अनुसार, उसका ई-रिक्शा खराब था और वह उसे दूसरी ई-रिक्शा से जोड़कर मरम्मत के लिए ले जा रहा था। चंदा को लेकर हुए विवाद में जमकर मारपीट भटवलिया गांव के यादव टोला के समीप पहुंचते ही कुछ युवकों ने सड़क पर बैरियर लगाकर महावीरी जुलूस के लिए चंदा मांगना शुरू कर दिया। चालक ने बताया कि उसके पास तत्काल पैसे नहीं थे, इसलिए उसने बाद में चंदा देने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने रास्ता रोकते हुए कहा कि चंदा दिए बिना आगे नहीं जाने दिया जाएगा। चालक ने जब इसका विरोध किया तो वहां मौजूद युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पानी में चेहरा डुबाया इसी दौरान कुछ लोगों ने उस दूसरी ई-रिक्शा को भी पीटना शुरू कर दिया, जिससे खराब ई-रिक्शा को खींचकर ले जाया जा रहा था। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे पकड़कर सड़क किनारे गड्ढे में जमा पानी तक ले जाया गया और उसका चेहरा पानी में डुबो दिया गया। सांस घुटने लगी तो उसने किसी तरह खुद को छुड़ाया और वहां से भाग निकला। कुछ दूर पहुंचने के बाद उसने डायल-112 और अपने परिवार के लोगों को घटना की सूचना दी। घटना के बाद लोगों ने किया सड़क जाम घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दो टोटो चालकों के साथ मारपीट की घटना से आक्रोशित लोगों ने सीवान-बड़हरिया मुख्य मार्ग को भटवलिया के समीप जाम कर दिया।सड़क पर प्रदर्शन के कारण कुछ देर आवागमन भी प्रभावित रहा। जाम की सूचना पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और पीड़ित से लिखित आवेदन लिया। कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया। मुफ्फसिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 के अलावा गश्ती दल को भी मौके पर भेजा गया था। पीड़ित से आवेदन लिया गया है। मामला दर्ज कर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
चंदा नहीं देने पर ई-रिक्शा ड्राइवर को पीटा:गड्ढे के पानी में चेहरा डुबोकर जान से मारने की कोशिश, विरोध में सड़क जाम
