![]()
तरनतारन जिले में खदूर साहिब-नागोके मार्ग पर सोमवार रात दो कारों की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 10 बजे आलिया गांव के पास हुई। नागोके की ओर से खदूर साहिब जा रही स्विफ्ट कार (PB 10CA4533) और खदूर साहिब की तरफ से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी (PB 10DR0308) सड़क पर अचानक आए एक आवारा जानवर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गईं। इसी दौरान दोनों वाहन आपस में टकरा गए और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़े। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट कार में सवार खदूर साहिब निवासी अजयपाल सिंह और काजीकोट निवासी सुखजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक्सयूवी में सवार मुच्छल निवासी संदीप सिंह ने भी गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वेरोवाल थाना के एसएचओ बलजिंदर सिंह बाजवा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
तरनतारन में दो कारों की आपस में टक्कर:तीन युवकों की मौत; आवारा जानवर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, दो गंभीर घायल
