![]()
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर ठगी और लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को सपना नाम की एक महिला ने राजस्थान के रमेश को फोन किया। उसने अपनी कथित भतीजी पूजा से शादी का प्रस्ताव दिया। रमेश इसके लिए तैयार हो गए और 7 सितंबर को राजस्थान से बरवाअड्डा पहुंचे। शादी के नाम पर कृष्णा वस्त्रालय से करीब 30 हजार रुपए के कपड़े खरीदे गए, जिसका भुगतान रमेश ने किया। इसके बाद सपना ने शादी के लिए एक लाख रुपए मांगे, जिसमें से रमेश ने 40 हजार रुपए ऑनलाइन दिए। बाद में पूजा की शादी राजस्थान से आए इकबाल नाम के युवक से सादे तरीके से करा दी गई। रमेश ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद सपना और बाकी आरोपियों ने पार्टी देने के बहाने सभी को गाड़ी में बैठाया। रास्ते में उन्होंने धमकी देकर रमेश से 10 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और महिलाओं के जेवर छीन लिए। शिकायत मिलने पर बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 157/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धनबाद और गिरिडीह जिले के लोग शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से 13 मोबाइल फोन, साड़ी, लहंगा, जींस पैंट, अंग वस्त्र, चूड़ी और शादी से जुड़ी दूसरी चीजें बरामद की हैं।
Source link
बरवाअड्डा में शादी के नाम पर ठगी और लूट:पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश किया
