![]()
हनुमानगढ़ के रावतसर कस्बे में एक किराना दुकान से अज्ञात चोरों ने नकदी और हजारों का सामान चोरी कर लिया। चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे थे। दुकान मालिक को सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। रावतसर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चक 4 आरडब्ल्यूएम निवासी राकेश (22) पुत्र ओमप्रकाश कुम्हार ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। राकेश रावतसर में सिनेमा हॉल के पीछे न्योलखी रोड पर ‘रिद्धि-सिद्धि किरयाना स्टोर’ नाम से दुकान चलाते हैं। 7 सितंबर की रात राकेश दुकान बंद कर ताले लगाकर घर चले गए थे। अगली सुबह 8 सितंबर को जब वह दुकान पर पहुंचे, तो देखा कि दुकान के दोनों ताले और शटर खोलने का हैंडल गायब था। ताले वाली जगह के नीचे फर्श पर चोट के निशान भी मिले। शटर खोलकर अंदर देखने पर गल्ला खुला पड़ा था। उसमें रखे 16,700 रुपए नकद और कुछ कागजात गायब थे। दुकान का सामान भी बिखरा हुआ था। चोर दुकान से लक्स साबुन के 40 पैकेट, लाइफबॉय साबुन के 30 पैकेट, डेटोल साबुन के 25 पैकेट, चायपत्ती के 15 पैकेट, 10 किलो चीनी, गुड़ के 2 कार्टन, देसाई बीड़ी के 14 पैकेट और 75 पीस सिगरेट सहित अन्य सामान ले गए। पुलिस को दुकान के अंदर एक पुराना लोहे का पेचकस भी मिला है। आशंका है कि चोरों ने ताले तोड़ने के लिए इसी का इस्तेमाल किया होगा। राकेश की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह स्वामी को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी हुए सामान को बरामद करने की कोशिश कर रही है।
Source link
रावतसर में किराना दुकान के ताले तोड़कर नकदी-सामान चोरी:चोर 16,700 रुपए नकद और हजारों का किराना सामान ले गए, पुलिस जांच में जुटी
