Headlines

मुंशी के अपहरण-हत्या का 48 घंटे में खुलासा:चार आरोपी गिरफ्तार, जमुई के जंगल से शव बरामद; डीजल चोरी रोकने पर हुआ था विवाद




गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र से एचएन कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार (42) के अपहरण और हत्या के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने पूरे मामले की जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मंजेश कुमार का शव बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र की सीमा से सटे पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि छह सितंबर को तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक स्थित बाघमारी मोड़ के पास से एचएन कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद मंजेश के भाई गौतम कुमार के आवेदन पर तिसरी थाना में कांड संख्या 77/26 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई गई। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर तेजी से जांच शुरू की। आरोपियों की निशानदेही पर शव किया बरामद पुलिस ने इम्तियाज अंसारी, शिव कुमार, पिंटू कुमार यादव और राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम पिपरातरी जंगल पहुंची और मंजेश कुमार का शव बरामद किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई एक बाइक, खून लगा पत्थर, लकड़ी का डंडा और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कंपनी के कामकाज और खर्चों को लेकर विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, मंजेश कुमार कंपनी में कथित डीजल चोरी को रोकने की कोशिश कर रहे थे। इसी बात को लेकर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी समेत कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा था। कामकाज में हस्तक्षेप और डीजल समेत अन्य खर्चों को लेकर विवाद बढ़ने के बाद इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *