![]()
हलवारा (लुधियाना) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली आने-जाने वाले हवाई यात्रियों की दिक्कतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को ऑपरेशनल प्रॉब्लम के कारण दिल्ली-हलवारा और हलवारा-दिल्ली रूट की दो उड़ानें लगातार रद्द कर दी गईं। इस वजह से एयरपोर्ट पहुंचे करीब 115 यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एयर इंडिया ने यात्रियों को अगली फ्लाइट से जाने का ऑप्शन दिया। कुछ यात्रियों ने तो फ्लाइट का इंतजार किया जबकि कई यात्रियों को अपने जरूरी काम निपटाने के लिए मजबूरन प्राइवेट टैक्सी या अन्य साधनों से दिल्ली के लिए रवाना होना पड़ा। दिल्ली से ही उड़ान नहीं भर सका प्लेन एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह दिल्ली से हलवारा आने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट (AI-481) अपने तय समय पर उड़ान ही नहीं भर सकी। यही प्लेन हलवारा एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद वापस दिल्ली के लिए फ्लाइट नंबर AI-482 बनकर रवाना होता है। लेकिन दिल्ली से विमान के हलवारा न पहुंचने के कारण हलवारा से दिल्ली जाने वाली वापसी उड़ान (AI-482) को भी एयरपोर्ट अथॉरिटी को रद्द करना पड़ा। सुबह-सुबह एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को जब फ्लाइट कैंसल होने की सूचना मिली, तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पैसेंजर हुए परेशान पैसेंजर को कंपनी की तरफ से फ्लाइट रद्द होने की सूचना नहीं दी गई। लोग फ्लाइट पकड़ने के लिए सुबह-सुबह एयरपोर्ट पहुंचे। वहां पहुंचकर यात्रियों को ऐन वक्त पर फ्लाइट कैंसल होने का पता चला, जिससे उनके काम अटक गए। लोगों का तर्क है कि उन्हें समय पर यह जानकारी दी जाती तो उन्हें शहर से 30 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ता। इतनी देर में वो घर से दिल्ली के लिए आधे रास्ते तक जा सकते थे। जिन लोगों की आगे इंटरनेशनल या घरेलू कनेक्टिंग फ्लाइट्स थीं, उन्हें मजबूरी में महंगे दामों पर कैब या टैक्सी बुक करके दिल्ली जाना पड़ा। बीते तीन दिनों में दूसरी बार सुबह की सर्विस ठप होने से लुधियाना और आसपास के बिजनेस क्लास यात्रियों में भारी निराशा है। यात्रियों ने जताई नाराजगी, शेड्यूल सुधारने की मांग अचानक फ्लाइट रद्द होने से नाराज यात्रियों का कहना है कि हलवारा एयरपोर्ट चालू होने से लुधियाना और आसपास के औद्योगिक शहर के लोगों को काफी राहत की उम्मीद थी। लेकिन बार-बार बिना पूर्व सूचना के फ्लाइट्स रद्द होने से समय और पैसे दोनों का नुकसान हो रहा है। यात्रियों ने एअर इंडिया और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मांग की है कि हलवारा-दिल्ली रूट पर उड़ानों का संचालन तय समय-सारणी के अनुसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि ऐसी अव्यवस्था से लोगों को निजात मिल सके।
Source link
हलवारा एयरपोर्ट से फिर दो फ्लाइटें रद्द:ऑपरेशनल प्रॉब्लम के चलते दिल्ली से नहीं आया प्लेन, 115 पैसेंजर परेशान
