![]()
धमतरी शहर में अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन बनाने की घोषणा हुई है। इस फोरलेन की जद में कई परिवार आ रहे हैं, खासकर गोकुलपुर भटगांव चौक से कर्मा चौक तक का इलाका ज्यादा प्रभावित हो रहा है। इसे लेकर गोकुलपुर और महात्मा गांधी वार्ड के सड़क किनारे रहने वाले लोगों ने कलेक्टर से मुलाकात की और अपनी समस्याएं बताईं। वार्डवासियों ने कलेक्टर को बताया कि गोकुलपुर भटगांव चौक से कर्मा चौक तक घनी बस्ती है। अगर यहां फोरलेन बनता है, तो ज्यादातर मकान आधे से ज्यादा टूट जाएंगे। कई घरों के मुखिया दुकानों से ही परिवार चलाते हैं। मकान टूटने से उनका व्यापार खत्म हो जाएगा और रोजी-रोटी की समस्या आ जाएगी। लोगों ने कहा कि वे सड़क चौड़ीकरण का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि चाहते हैं कि बस्ती में चौड़ाई कम रखी जाए और इसे टू-लेन बनाया जाए, ताकि सभी सुरक्षित रह सकें। लोगों ने कलेक्टर से की चर्चा इस संबंध में कलेक्टर अविनाश मिश्रा, एसडीएम पीयूष तिवारी और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा हुई। कलेक्टर ने लोगों को भरोसा दिलाया कि घनी बस्ती वाले इलाकों में सड़क की चौड़ाई कम की जाएगी, ताकि किसी का घर या मकान ज्यादा प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी बताया कि डिवाइडर को पतला किया जाएगा और पाथवे को हटाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही एक सर्वे टीम आएगी। प्रभावित लोग महापौर से भी मुलाकात करेंगे। फोरलेन जरूरी, ट्रैफिक जाम और हादसों से मिलेगी राहत: कलेक्टर कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन बनाना बहुत जरूरी है, क्योंकि वहां आए दिन ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि गोकुलपुर के कुछ लोग भ्रमित हैं या उन्हें डर है, इसलिए पीडब्ल्यूडी और एसडीएम के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि दोनों पक्षों के बीच एक रास्ता निकाला जाएगा और कम से कम तोड़फोड़ हो, इसका प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धमतरी के लिए यह खुशी की बात है कि लगभग 88 करोड़ रुपये की लागत से यह सड़क बनने वाली है। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि गंगरेल, रुद्री और कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों के लिए अच्छी सड़क बनाई जाएगी, क्योंकि यह इलाका भविष्य में विकसित होने वाला है। इसके साथ रोड कनेक्टिविटी भी बेहतर करने का काम चल रहा है। अमलतास से भटगांव, रुद्री से सांकरा और बिंद्रा नवागांव से पुरूर तक सड़क बनाई जा रही है। इन तीनों प्रमुख सड़कों के बन जाने से शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और विकास को भी गति मिलेगी। कलेक्टर ने कहा कि इससे पर्यटकों को भी आने-जाने में आसानी होगी। वे बिना ज्यादा ट्रैफिक और परेशानी के शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए जमीन लेने पर प्रभावित लोगों को मुआवजा देने का प्रावधान रखा गया है और इसके लिए उचित राशि तय की गई है।
Source link
फोरलेन से प्रभावितों ने कलेक्टर से की मुलाकात:अंबेडकर चौक से रुद्री तक बनेगा फोरलेन, घनी बस्ती में चौड़ाई कम करने का आश्वासन
