![]()
जशपुरनगर के कांसाबेल तहसील के टांगरगांव में प्रस्तावित स्टील प्लांट अब नहीं लगेगा। मां कुदरगढ़ी एनर्जी एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड ने आर्थिक परेशानी का हवाला देते हुए सरकार से एमओयू रद्द करने की मांग की थी। राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड ने कंपनी के अनुरोध को मंजूरी देते हुए एमओयू रद्द कर दिया है। बुधवार को टांगरगांव और आसपास के पांच गांवों से 200 से ज्यादा ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीण स्टील प्लांट का विरोध कर रहे थे और एमओयू रद्द होने के आदेश की कॉपी मांग रहे थे। ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय के गेट पर धरने पर बैठ गए। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों को बताया कि स्टील प्लांट का एमओयू रद्द किया जा चुका है। इसके बाद ग्रामीणों को आदेश की सत्यापित कॉपी उपलब्ध कराई गई। 2021 में हुआ था स्टील प्लांट लगाने का एमओयू ग्रामीण अनुरंजन भगत ने बताया कि साल 2021 में मां कुदरगढ़ी एनर्जी एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड ने टांगरगांव में स्टील प्लांट लगाने के लिए राज्य सरकार के साथ एमओयू किया था। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण मंडल ने प्लांट के लिए प्रदूषण संबंधी अनुमति देने से पहले जनसुनवाई का नोटिस जारी किया था। नोटिस जारी होने के बाद ग्रामीणों ने प्लांट का विरोध शुरू कर दिया था। उस समय भाजपा और जनजातीय सुरक्षा मंच भी ग्रामीणों के समर्थन में सामने आए थे। इसके बाद लगातार विरोध प्रदर्शन, चक्काजाम और घेराव किए गए। ग्रामीणों के विरोध के चलते सरकार ने स्टील प्लांट के प्रस्ताव को रोक दिया था। कुछ दिन पहले टांगरगांव में प्रस्तावित प्लांट की जमीन पर कुछ निर्माण कार्य शुरू हुए थे। इससे ग्रामीणों को दोबारा प्लांट लगाए जाने की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीण फिर से एकजुट होने लगे और बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एमओयू रद्द होने के आदेश की कॉपी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। आदेश की कॉपी मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया और वापस लौट गए। धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल धरना देने वाले ग्रामीणों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। सुरक्षा के लिए कोतवाली प्रभारी मोरध्वज देशमुख के साथ पुलिस बल तैनात किया गया था। ग्रामीणों की भीड़ कलेक्टर कार्यालय पहुंचते ही पुलिस ने कार्यालय के सभी गेट बंद कर दिए। जशपुर एसडीएम वीआर मस्के ने धरने पर बैठे ग्रामीणों से बातचीत की। इसके बाद ग्रामीणों के पांच लोगों के प्रतिनिधिमंडल की कलेक्टर रोहित व्यास से मुलाकात कराई गई। चर्चा के दौरान उद्योग विभाग ने राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड की ओर से जारी संयंत्र स्थापना के एमओयू को निरस्त करने के आदेश की प्रति ग्रामीणों को दी। आदेश की प्रति मिलने के बाद ग्रामीण धरना खत्म कर वापस लौट गए।
Source link
टांगरगांव में नहीं लगेगा स्टील प्लांट,सरकार ने एमओयू किया रद्द:200 से अधिक ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे,आदेश की कॉपी के लिए गेट पर दिया धरना
