![]()
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में एक किसान की हत्या कर दी गई। पिठवर टोली निवासी 45 साल के विश्वनाथ उरांव का शव देवाकी खपरा टोली के पास एक खेत से मिला। पुलिस ने गुरुवार को शव बरामद किया। मृतक के बेटे सुनील उरांव ने बताया कि विश्वनाथ को बुधवार को एक बोरा धान बेचने के लिए जाते देखा गया था। वह शराब के नशे में था और उसने एक दुकान से चिकन खरीदकर बनाने के लिए दिया था। नशे में होने के कारण एक युवक ने घर पर सूचना दी थी कि विश्वनाथ नशे में है, उसे आकर ले जाएं। शाम को परिवार वाले उसे लेने गए, लेकिन वह नहीं मिला। गुरुवार सुबह जब लोग शौच के लिए जा रहे थे, तो उन्हें रास्ते में शव पड़ा मिला। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद उन्होंने शव की पहचान की और घाघरा थाना को जानकारी दी। घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक के गले पर गला दबाने और चेहरे पर चोट के निशान थे। उसके पूरे शरीर पर लात-घूंसों से हमला करने के काले निशान थे। विश्वनाथ पेशे से किसान था। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। थानेदार मोहन कुमार सिंह ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना में शामिल सभी लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Source link
धान बेचने निकले किसान की गला दबाकर हत्या:गुमला में खेत से मिला शव, पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया
