![]()
सहरसा के नवहट्टा थाना इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर चचेरे भाई ने दो दंपतियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है। मृतक की पहचान नवहट्टा थाना इलाके के नगर पंचायत वार्ड 10 बालूटोला निवासी राजेंद्र महतो के बेटे नीतीश महतो(26) के रूप में हुई है। घायलों में नीतीश महतो की पत्नी नीलम देवी(23) और मृतक के बड़े भाई शंकर महतो(30) व उनकी पत्नी चंपा देवी(28) शामिल हैं। शंकर महतो को बाएं कंधे पर और उनकी पत्नी चंपा देवी को पीठ में चाकू मारा गया। नीतीश और उनकी पत्नी नीलम के दाहिने कंधे पर भी चाकू से वार किया गया था। इलाज के दौरान नीतीश कुमार की रात में मौत हो गई। 9 साल पहले पैतृक गांव में आकर बसे राजेंद्र महतो ने बताया कि उनके भाई नुनूलाल महतो की दो पत्नियों के कारण वे और उनका परिवार नवहट्टा में बस नहीं पा रहा था। इस विवाद के चलते वे अपनी पत्नी के साथ मधेपुरा जिले के खड़ा बुधमा में मजदूरी करने लगे थे। 8-9 साल पहले, जब बच्चे बड़े हो गए, तो वे अपने पैतृक गांव की जमीन पर आकर बस गए। राजेंद्र महतो के मुताबिक, उनके भाई नुनूलाल का बेटा मिथुन अक्सर उन्हें गांव छोड़ने की धमकी देता था। गंदे पानी को लेकर हुई कहासुनी मृतक के बड़े भाई शंकर महतो ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8:30 बजे उनकी मां और छोटे भाई नीतीश के बीच नाले के गंदे पानी को फेंकने को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान उनका चचेरा भाई मिथुन हाथ में चाकू लेकर आया और नीतीश को जान से मारने की धमकी देने लगा। दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई। मिथुन ने नीतीश के कंधे पर चाकू घोंप दिया। बीच-बचाव करने के दौरान मिथुन ने नीतीश की पत्नी, शंकर महतो और उनकी पत्नी को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। बाजार से नशे में आए थे दोनों मृतका की पत्नी नीलम देवी ने बताया कि मेरे पति नीतीश और मिथुन दोनों साथ-साथ बाजार गए थे और दोनों नशे में वापस लौटे थे। उन्होंने कहा कि मिथुन को किसी बात को लेकर शायद दिल में घुसा था जिस के बाद ही इस घटना को अंजाम दिया। नीतीश तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था और गांव में ही मजदूरी कर परिवार की परवरिश किया करता था। नीतीश तीन बच्चों के पिता थे। जिसमें एक 6 साल की बेटी है और 4 साल और 2 साल का बेटा भी शामिल है। नवहट्टा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद में चाकू बाजी हुई है। एक युवक की मौत की सूचना है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
संपत्ति विवाद में चचेरे भाई ने चाकू से किया हमला:सहरसा में एक युवक की मौत, महिला समेत 3 लोग घायल, 2 लोगों के कंधे पर जख्म
