![]()
सिरमौर जिले के हरिपुधार क्षेत्र के घेवना गांव में घर के आंगन से लापता हुई पांच वर्षीय मासूम आर्या का छह दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। बच्ची की तलाश में पुलिस, स्थानीय प्रशासन के साथ NDRF तथा शिमला से बुलाए गए डॉग स्क्वायड की टीमें भी व्यापक सर्च ऑपरेशन चला चुकी हैं। अभी तक बच्ची का पता नहीं चल सका है। आर्या बीते रविवार को घर के आंगन में खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। घर के साथ ही एक खड्ड बहती है, जिसमें इन दिनों काफी पानी है। परिजनों को आशंका है कि बच्ची खड्ड के पानी के तेज बहाव में बह गई होगी। पहले पुलिस और ग्रामीणों ने खड्ड में तलाशा सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने घर के आसपास तथा खड्ड में बच्ची की तलाश शुरू की। इसके बाद प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। एनडीआरएफ ने खड्ड और उसके आसपास करीब 14 से 15 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया, लेकिन टीम को भी कोई सफलता नहीं मिली। शिमला से बुलाया डॉग स्क्वायड भी खाली हाथ लौटा इसके बाद बच्ची की तलाश के लिए शिमला से डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई। टीम ने गुरुवार को दिनभर खड्ड के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्ची से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिल सका। सर्च अभियान के बाद डॉग स्क्वायड की टीम शिमला लौट गई है। अब गिरी नदी तक चलेगा सर्च ऑपरेशन आर्या के घर के पास बहने वाली खड्ड आगे जाकर गिरी नदी में मिलती है। इसे देखते हुए अब प्रशासन गिरी नदी की ओर जाने वाले ट्रैक में भी सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी कर रहा है। संगड़ाह के एसडीएम सुनील कायथ ने कहा कि गिरी नदी वाले ट्रैक में भी एक बार फिर तलाश अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पानी का बहाव तेज होने के कारण इस संभावना को भी ध्यान में रखा जा रहा है कि बच्ची बहाव के साथ आगे चली गई हो। प्रशासन उपलब्ध संसाधनों के साथ बच्ची की तलाश जारी रखेगा। JCB से खड्ड का रुख मोड़ा आर्या की तलाश में ग्रामीणों ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। घर के पास बहने वाली खड्ड का रुख जेसीबी मशीन की मदद से मोड़ा गया है, ताकि खड्ड के अंदर भी गहनता से जांच की जा सके और किसी संभावित सुराग का पता लगाया जा सके। पिछले चार दिनों से घेवना सहित लाना चेता पंचायत के ग्रामीण जंगल, खड्ड और आसपास के क्षेत्रों को लगातार खंगाल रहे हैं। ग्रामीणों की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर बच्ची की तलाश कर रही हैं।
Source link
सिरमौर में 6 दिन से लापता बच्ची का सुराग नहीं:गिरी नदी में सर्च ऑपरेशन; NDRF और डॉग स्क्वायड की टीमें भी नहीं खोज पाईं
