.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पीएम नरेंद्र मोदी से जुड़ी रही। उनके पंजाब दौरे से पहले ट्रेन के डिब्बों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘मोदी मुर्दाबाद’ जैसे नारे लिखे गए।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. मर्सिडीज ने 2 युवकों को उड़ाया, हाथ-पैर टूटे

चंडीगढ़ में एक तेज रफ्तार मर्सिडीज ने दो युवकों को टक्कर मार दी। दोनों क्लब से बाहर निकले ही थे कि कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वे कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार में जाते हुए दिख रही है।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के बाद ड्राइवर कार समेत मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़े थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें संभाला और तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच)-32 पहुंचाया। अस्पताल में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरे की हालत स्थिर बताई जा रही है। कार चला रहा लड़का नाबालिग बताया जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. जैस्मीन ने परफॉर्मेंस रोक सगाई का ऐलान किया

पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस के ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ के पहले कॉन्सर्ट के दौरान एक ऐसा पल सामने आया, जिसने हजारों फैंस को हैरान कर दिया। लाइव परफॉर्मेंस के बीच जैस्मिन ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक करते हुए स्टेज पर एक शख्स को बुलाया और बताया कि वही उनके मंगेतर हैं।
कॉन्सर्ट अपने पूरे रंग में था और फैंस जैस्मिन के गानों पर झूम रहे थे। इसी दौरान अचानक म्यूजिक धीमा हो गया। जैस्मिन ने एक शख्स का हाथ पकड़कर उन्हें स्टेज पर बुलाया और कहा- आई हैव अ लिटिल सीक्रेट… आई हैव अ लिटिल, मैसिव सीक्रेट। यानी मेरे पास एक छोटा सा राज है… मेरे पास एक बहुत बड़ा राज है।
इसके बाद उन्होंने फैंस से उत्साह के साथ कहा- कैन यू से शेखर? कैन यू से शेखर? कैन यू से चौधरी साहब?” इस दौरान पूरा स्टेडियम तालियों और हूटिंग से गूंज उठा।
इसके बाद जैस्मिन ने अपने रिश्ते का खुलासा करते हुए कहा- मैं बुला लिया स्टेज पे… दिस इज अ मैन हू पुट अ रिंग ऑन इट। दिस इज माय मैन, एवरीबडी। यानी ये वही शख्स हैं जिन्होंने मुझे अंगूठी पहनाई है। आप सभी जान लीजिए, यही मेरे जीवनसाथी हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
3. PM के पंजाब दौरे से पहले ट्रेन में खालिस्तानी नारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने जारी किया है। वीडियो में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के डिब्बों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘मोदी मुर्दाबाद’ जैसे नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं।
SFJ के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर पंजाब में आतंकवाद के दौर के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की विरासत का जिक्र करते हुए कथित एनकाउंटर मामलों को उठाया। हालांकि, दैनिक भास्कर पन्नू के वीडियो की पुष्टि नहीं करता। जसवंत सिंह खालड़ा पर ही दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज बनी थी, जिसे रिलीज होने के दूसरे दिन ही OTT से हटा दिया गया था और अब पूरी तरह से बैन कर दिया गया है।
इधर, वीडियो सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियां स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने रात के अंधेरे में ट्रेन के डिब्बों पर ये नारे लिखे। पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी किया है। पीएम का 15 और 17 जुलाई को लुधियाना और जालंधर दौरा प्रस्तावित हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. बॉयफ्रेंड ने किया नाबालिग गर्लफ्रेंड को किडनैप

लुधियाना में बॉयफ्रेंड ने नाबालिग गर्लफ्रेंड को किडनैप कर लिया है। उसने गर्लफ्रेंड को अपनी कैद में रखा है। नाबालिग बार-बार अपनी बहन को वॉट्सएप के जरिए वीडियो और ऑडियोमैसेज भेज रही है। लड़की ने अपनी बहन को जो वीडियो भेजा है, उसमें वह जोर-जोर से रो रही है, हालांकि उसमें वह कुछ बोल नहीं रही है।
इसके अलावा नाबालिग ने वॉट्सएप पर वॉइस मैसेज भेजे हैं, जिसमें वह कह रही है कि “जीजा जी आपने मुझे अपनी बेटी माना है, एक बार मुझसे बात कर लो।”
बॉयफ्रेंड इतना शातिर है कि वह जब भी मैसेज करवा रहा है, सिर्फ वॉट्सऐप पर वॉइस मैसेज कर रहा है ताकि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड पर केस दर्ज कर लिया है। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
5. चन्नी ने की इस्तीफे की पेशकश, हाईकमान नाराज

पंजाब कांग्रेस में टूट का खतरा थमा नहीं है। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कैंपेन कमेटी के चेयरमैन बनाए चरणजीत चन्नी ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। चन्नी ने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर ही पार्टी का प्रचार कर लेंगे। इस बारे में चन्नी ने कल, शनिवार को चंडीगढ़ में MLA राणा गुरजीत के घर हुई मीटिंग के दौरान इस्तीफा देने की बात कही।
वहीं कांग्रेस हाईकमान से जुड़े सोर्सेज के मुताबिक पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से हाईकमान नाराज है। उन्हें पंजाब में कांग्रेस की गुटबाजी खत्म करने के लिए भेजा गया था। इसके लिए पूरे 5 दिन का टाइम दिया गया था लेकिन गुटबाजी कम करने के बजाय वह इसे और हवा दे गए। चन्नी गुट में प्रताप बाजवा, सुखजिंदर रंधावा और प्रगट सिंह जैसे बड़े चेहरे होने के बावजूद बघेल ने उन्हें सीरियसली नहीं लिया।
दरअसल, एक तो बघेल ने 4 दिन सिर्फ प्रधान राजा वड़िंग के गुट के साथ ही मुलाकात में निकाल दिए। 4 दिन तक उन्होंने 9 MLA व 3 सांसदों के समर्थन वाले चन्नी गुट की परवाह नहीं की। फिर आखिरी दिन वे मिले भी तो चन्नी और वड़िंग गुट की एक साथ मीटिंग नहीं करा सके। न ही दोनों पक्षों को एक मंच पर ला सके। (पढ़ें पूरी खबर)
6. जैकलीन फर्नांडीज के साथ ‘चिट्टियां कलाइयां’ पर झूमे फैंस

बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज लुधियाना में एक प्राइवेट इवेंट में पहुंची। यहां उन्होंने ‘चिट्टियां कलाइयां’ और ‘लाल परी’ जैसे हिट गानों पर डांस कर फैंस को एंटरटेन किया। सिल्वर और हल्के गुलाबी रंग की ड्रेस पहने जैकलीन ने स्टेज पर अपने कई हिट सॉन्ग पर परफॉर्मेंस दी।
इस दौरान शहर के कई नामी लोग इस इवेंट में मौजूद रहे। इस दौरान फिटनेस फ्रीक होने के बावजूद जैकलीन ने कहा कि उन्हें पंजाब का ‘आलू पराठा और लस्सी’ बेहद पसंद है। इस दौरान उन्होंने फैंस की डिमांड पर स्टेज से ठेठ पंजाबी में बातचीत भी की। उन्होंने कहा की हालचाल। ओ पंजाबी आ गए ओए। (पढ़ें पूरी खबर)
7. 3 जिलों में तेज बारिश, सुखना लेक का जलस्तर बढ़ा

पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर में सुबह के वक्त तेज बाारिश हुई, जबकि जालंधर में दोपहर के वक्त बारिश हुई। जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया। साथ ही लोगों को उमस से भी राहत मिली है। वहीं चंडीगढ़ में सुखना लेक का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है।
इसे देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए कहा- यदि कैचमेंट एरिया में एक और दिन भारी बारिश होती है, तो अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए सुखना लेक के फ्लड गेट खोलने पड़ सकते हैं। प्रशासन ने झील के आसपास और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
मौसम विभाग के अुनसार, आज (12 जुलाई को) 16 जिलों में बारिश के आसार हैं। जिसमें पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का यलो अलर्ट। जबकि गुरदासपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, तरनतारन, मोगा, बरनाला और संगरूर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। (पढ़ें पूरी खबर)
8. केंद्रीय राज्यमंत्री बिट्टू की ‘सतलुज’ के मेकर्स को चुनौती

केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाबी एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज के मेकर्स को खुली चुनौती दी है। बिट्टू ने मेकर्स को कहा कि उन 25,000 लापता या अवैध रूप से दाह संस्कार किए गए शवों के पुख्ता दस्तावेजी सबूत, आधिकारिक रिकॉर्ड पेश करें, जो फिल्म में दिखाए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि उन्हें इन तथ्यों की प्रमाणिकता पब्लिक के सामने रखनी होगी, नहीं तो कानूनी एक्शन लिया जाएगा। बिट्टू ने कहा कि अगर मेकर्स ये दस्तावेज पेश कर देते हैं तो वो सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे।
उधर, ये फिल्म अब पूरी तरह बैन हो गई है। इसे OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 की ग्लोबल कैटेगरी से भी हटा दिया गया है। इस फिल्म को अब विदेश में भी नहीं देखा जा सकेगा। इसी के साथ फिल्म के कंटेंट की जांच के लिए गठित केंद्रीय समिति ने भी सिफारिश कर दी है कि फिल्म को बैन ही रहने दिया जाए। (पढ़ें पूरी खबर)
9. पुलिस से उलझा युवक, मुलाजिम का बैज उतरा

जालंधर में संदिग्ध हालत में घूम रहा युवक पुलिस से उलझ गया। पुलिस कर्मचारी कमलजीत सिंह ने बताया गश्त के दौरान युवक को कचहरी चौक के पास कुछ ढूंढते हुए देखा। उन्होंने गाड़ी धीरे की और युवक की हरकतों पर नजर रखी। युवक दुकानों के आसपास कुछ ढूंढ रहा था। इस दौरान उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं।
जब पुलिस ने युवक को रोका और उससे आधार कार्ड मांगा तो उसने कहा कि उसके पास कोई आइडेंटिटी कार्ड नहीं है। पुलिस का कहना है कि जब युवक से पूछा कि कहां काम करते हो तो उसने कहा कि वह पुडा कॉम्प्लेक्स में काम करता है।
जब उससे कहा कि वहां पर लेकर चलो, तुम्हारे बारे में पूछताछ करनी है तो युवक पुडा कॉम्प्लेक्स पहुंच गया। यहां आकर उसने हंगामा करना शुरू कर दिया। यहां युवक ने अपने गले में परना डाल लिया और गला घोंटने की कोशिश की। पुलिस कर्मचारी ने उसे रोकना चाहता तो वह हाथ-पैर चलाने लगा जिससे कर्मचारी का बैज उतर गया। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. कैफे के पिज्जा में जिंदा कीड़ा निकला

लुधियाना में श्री माछीवाड़ा साहिब के नामी फूड कैफे ‘हंगरी पॉइंट’ में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राहक को परोसे गए पिज्जा में जिंदा कीड़ा (सुंडी) रेंगती हुई मिली। शिकायत मिलने के बाद सेहत विभाग ने कैफे पर रेड की। जांच के दौरान कई खामियां मिलने पर नगर कौंसिल ने कैफे का चालान काट दिया।
युवक ने बताया कि उसने तुरंत घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और कैफे के मैनेजर को बुलाकर शिकायत की। इसके बाद कैफे मैनेजर ने पिज्जा बदलकर देने की पेशकश की, लेकिन उसने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद ग्राहक ने मामले की सूचना सीधे सेहत विभाग को दी।
गांव हेडों बेट निवासी विशाल महेरा ने बताया कि 11 जुलाई को वह काम से यहां आए आए थे। इसके बाद वह कैफे में पिज्जा खाने गए थे। उन्होंने जैसे ही ऑर्डर किया और पिज्जा उनकी टेबल पर आया, तो वह हैरान रह गए। पिज्जा के ऊपर एक जिंदा सुंडी रेंग रही थी। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
