Headlines

शिवराज बोले-केंद्र का पैसा आया,भूपेश-सरकार ने मैचिंग ग्रांट नहीं दी:छत्तीसगढ़ को मिले 3.65 लाख अतिरिक्त PM आवास, सक्ती में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र




केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती जिले के ग्राम जेठा के कॉलेज ग्राउंड में हुए राज्यस्तरीय कार्यक्रम में पिछली भूपेश बघेल सरकार पर प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से आवास के लिए पैसा आने के बावजूद तब की राज्य सरकार ने मैचिंग ग्रांट नहीं दी। इस वजह से गरीबों के आवास अटक गए और तत्कालीन मंत्री टीएस सिंहदेव को इस्तीफा तक देना पड़ा। शिवराज ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनते ही गरीबों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवास देने का फैसला लिया गया था। अब प्रदेश को 3 लाख 65 हजार 159 अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवासों की सौगात मिली है। सक्ती में हुए इस कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के करीब 2 लाख नए बने प्रधानमंत्री आवासों में गृह प्रवेश कराया। उन्होंने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक तौर पर नए घरों की चाबियां भी सौंपीं। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही, बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे की समय-सीमा को बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 करने का भी एलान किया गया। ढाई साल में 11.50 लाख से ज्यादा पीएम आवास पूर्ण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया था। मुख्यमंत्री के मुताबिक पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में प्रतिदिन 1,600 से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की। 4 हजार करोड़ से ज्यादा लागत के 3.65 लाख नए आवास शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि छत्तीसगढ़ को मिले 3,65,159 अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवासों की लागत 4 हजार करोड़ रुपए से अधिक है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 17 लाख से अधिक मकान दिए गए हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार किया है। उन्होंने कहा कि पक्के आवास के साथ हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, निःशुल्क राशन, शौचालय और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र से किसानों को मिलेगा वैज्ञानिक मार्गदर्शन शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ को केवल धान के कटोरे के रूप में नहीं, बल्कि फल, सब्जी, फूल, बागवानी, नर्सरी और पशुपालन सहित विविध कृषि गतिविधियों के लिए भी पहचान दिलाने की जरूरत है। उन्होंने इंटीग्रेटेड फार्मिंग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि मछली पालन, मधुमक्खी पालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों से किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है। कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत खेती और फसल विविधीकरण की जानकारी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। 13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। बिहान और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिलाओं को कारोबार से जोड़ने के लिए डीलर दीदी जैसी पहल भी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की करीब 70 लाख माताओं-बहनों को लाभ मिल रहा है और अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है। किसान सम्मान निधि और फसल बीमा का भी जिक्र शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से छत्तीसगढ़ को करीब 29 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 11,500 करोड़ रुपए से अधिक और फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 7,500 करोड़ रुपए के क्लेम मिलने की जानकारी उन्होंने दी। बस्तर में आवास सर्वे की तारीख बढ़ी केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संकल्प से बस्तर के गांवों तक विकास पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बस्तर के नक्सलमुक्त हुए क्षेत्रों में पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ देने के लिए सर्वे की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे लोगों के आवास की भी सरकार चिंता कर रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित नहीं रहेगा। सक्ती को 121.70 करोड़ के 38 विकास कार्यों की सौगात कार्यक्रम में सक्ती जिले को 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक के 38 विकास कार्यों की सौगात मिली। इनमें 79.25 करोड़ रुपए के 23 कार्यों का भूमिपूजन और 42.46 करोड़ रुपए के 15 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। भूमिपूजन वाले कार्यों में सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, उप स्वास्थ्य केंद्र, महतारी सदन, शासकीय कन्या महाविद्यालय भवन, नवीन लाइवलीहुड संस्थान, पुलिस लाइन में आर्मरी भवन, कृषि कार्यालय सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। लोकार्पित कार्यों में जल जीवन मिशन के सोलर ड्यूल पंप, नवीन तहसील कार्यालय भवन, पुलिस थाना एवं पुलिस चौकी भवन, सड़क-पुल-पुलिया निर्माण, हाईस्कूल भवन और अन्य विकास कार्य शामिल हैं। ग्रामीण विकास के नए अभियानों की शुरुआत कार्यक्रम में 2 लाख आवासों के गृह प्रवेश के साथ मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन, ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान की शुरुआत की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन हुआ। ‘अथ उद्यमिता की ओर’ कार्यक्रम के तहत चैलेंज फंड इवेंट का भी शुभारंभ किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों, डीलर दीदियों और पंचायतों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। 17 सितंबर से एक महीने तक सेवा कार्य, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन के अवसर पर जन्मदिन से एक महीने तक सेवा कार्य आयोजित करने की बात कही गई। लोगों से प्रधानमंत्री के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील भी की गई। मंत्री के भाई के कांग्रेस में जाने के सवाल पर बोले साय- ‘देखेंगे’ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से एक मंत्री के भाई के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी अभी मिली है, इसे देखेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, हितग्राही और बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आभार व्यक्त किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *