Headlines

सरायकेला में सड़क हादसे में किशोर की मौत:गुस्साए लोगों ने 3 घंटे तक हाईवे जाम किया, मुआवजे पर सहमति के बाद खुला




सरायकेला थाना क्षेत्र में टाटा-सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक सड़क हादसे में 15 साल के किशोर अमन अली की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया। प्रशासन से बातचीत के बाद जाम हटा लिया गया। मृतक की पहचान आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती निवासी अमन अली के रूप में हुई है। वह अपने चाचा के घर राजबांध आया हुआ था। बताया गया कि शनिवार को अमन सड़क पार कर रहा था, तभी एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान सरायकेला की ओर से आ रहे एक पिकअप वैन ने उसे कुचल दिया। हादसे में अमन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग भड़क गए और उन्होंने टाटा-सरायकेला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी अमित श्रीवास्तव और नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे। प्रशासन और गुस्साए लोगों के बीच करीब तीन घंटे तक बातचीत चली। बातचीत में एक लाख रुपये मुआवजे और इंश्योरेंस की राशि दिलाने पर सहमति बनी। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम खत्म किया और यातायात सामान्य हो गया। सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने हादसे पर दुख जताया और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब तक भारी वाहनों की आवाजाही को काबू करने के लिए नो-एंट्री और दूसरे रास्ते की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक ऐसी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेने और भारी वाहनों के चलने व सड़क सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *