Headlines

नाला पार करते शिक्षक की बाइक बही, तैरकर बचाई जान:कोंडागांव में तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर, पुलिस ने सतर्क रहने को कहा




कोंडागांव जिले में मौसम विभाग के हाई अलर्ट के बीच शनिवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और कई जगहों पर नाले उफान पर हैं। केशकाल क्षेत्र के कुएंमारी मार्ग पर भी नालों में तेज बहाव देखा जा रहा है। इसी बीच शनिवार सुबह कुएंमारी हाईस्कूल के शिक्षक धर्मेंद्र दास वैष्णव नाला पार कर स्कूल जा रहे थे। तभी पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और उनकी बाइक पानी में बह गई। धर्मेंद्र दास वैष्णव ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। बारिश के बीच नालों में तेज बहाव क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नालों में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। ऐसे में ग्रामीणों को नदी-नालों को पार करते समय खास सावधानी बरतने की जरूरत है। घटना की जानकारी मिलते ही कुएंमारी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। लगातार बारिश के कारण जिले के कई ग्रामीण और जंगली इलाकों में छोटे-बड़े नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे तेज बहाव वाले नालों को पैदल, बाइक या किसी भी वाहन से पार न करें। ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह बारिश के मौसम में नदी-नालों और झरनों की ओर जाने वाले पर्यटकों से भी खास सतर्कता बरतने को कहा गया है। जलस्तर बढ़ने और अचानक तेज बहाव आने पर दुर्घटना की आशंका रहती है। फिलहाल जिले में बारिश जारी है। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम और स्थानीय हालात को ध्यान में रखकर ही निकलने की सलाह दी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *