![]()
राजनांदगांव के कौरिनभाटा में शुक्रवार दोपहर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। घर सिर्फ 30-40 मिनट के लिए खाली था। इसी दौरान चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी व लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के गहने और करीब 1.5 लाख रुपए नकद ले गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 70 से 80 लाख रुपए है। पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। यह मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित कुल प्रकाश वालदे ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 से 2:45 बजे के बीच उनका घर सिर्फ 30 से 40 मिनट के लिए खाली था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने पहले हॉल में रखी अलमारी और उसके लॉकर को तोड़ा। वहां ज्यादा सामान न मिलने पर वे बेडरूम में गए। बेडरूम का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी और उसके डबल लॉकर को भी तोड़ दिया। उसमें रखा सारा कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए। कुल प्रकाश वालदे के अनुसार, रक्षाबंधन पर आई उनकी बड़ी बहन के गहने और सामान भी संयोग से उसी अलमारी में रखे थे। उनकी बहन को बस्तर जाना था, लेकिन तीज पर्व के कारण सामान वहीं छोड़ दिया था। यह सामान भी चोरों ने चुरा लिया। कुल मिलाकर लगभग 1 से 1.5 लाख रुपए नगदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात गायब हुए हैं। पीड़ित ने शुक्रवार को ही बसंतपुर थाने में इसकी सूचना दी थी, लेकिन चोरी की रिपोर्ट शनिवार को पुलिस ने लिखी। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र देवांगन ने बताया कि बिल दिखाने पर 2.5 लाख रुपये के सोने-चांदी और 1.5 लाख रुपये नगदी, कुल 4 लाख रुपये की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी हुए सामान को बरामद करने की उम्मीद जताई है।
Source link
राजनांदगांव में दिनदहाड़े बंद मकान से लाखों के जेवर चोरी:30 मिनट में की वारदात, पीड़ित बोला-70-80 लाख के गहने और 1.5 लाख कैश पार
