![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को हर घर में दीया जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। इसके तहत हरियाणा सरकार प्रदेश के अंत्योदय परिवारों को दो-दो दीये निशुल्क उपलब्ध करवाएगी। इसके लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने जिलावार दीयों का आवंटन तय कर दिया है। सरकार की इस पहल के तहत एक परिवार को दो दीये दिए जाएंगे। विभाग ने प्रति दीया 1 रुपए की दर निर्धारित की है। खास बात यह है कि इन दीयों की खरीद बाहर से नहीं की जाएगी। सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को अपने-अपने जिले के स्थानीय कुम्हारों से ही दीये खरीदने होंगे। 79.52 लाख दीये बांटने की तैयारी विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कुल 39,76,273 राशन कार्ड हैं। इनके लिए कुल 79,52,546 दीये आवंटित किए गए हैं। यानी दो दीये प्रति परिवार के हिसाब से वितरण की व्यवस्था की गई है। पंचकूला में 66,727 राशन कार्ड परिवारों के लिए 1,33,454 दीये आवंटित किए गए हैं। वहीं हिसार में सबसे ज्यादा 5,76,608 दीये दिए जाएंगे। करनाल में 5,07,676, फरीदाबाद में 5,03,270, जींद में 4,47,660, सिरसा में 4,44,852 और यमुनानगर में 4,40,122 दीये आवंटित किए गए हैं। कुम्हारों से खरीद कर बढ़ाएंगे स्थानीय रोजगार सरकार ने दीयों की खरीद जिले के ही कुम्हारों से करने का फैसला लिया है। इससे प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के साथ स्थानीय कारीगरों और कुम्हार परिवारों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। जिला स्तर पर जरूरत के मुताबिक कुम्हारों से दीये खरीदकर लाभार्थी परिवारों तक पहुंचाए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद प्रमाण पत्र देना होगा विभाग की ओर से तय व्यवस्था के अनुसार जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक दीयों की खरीद और उनके आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। कार्यक्रम के बाद खरीद एवं आवंटन का प्रमाण पत्र विभाग को उपलब्ध करवाना होगा। प्रमाण पत्र मिलने के बाद विभाग की ओर से संबंधित जिलों को बजट जारी किया जाएगा। 17 सितंबर को घर-घर रोशन होंगे दीये ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को लाभार्थी परिवारों के घरों में दीये जलाए जाएंगे। विभाग ने जिलों को लाभार्थी परिवारों के साथ समन्वय कर समय पर दीयों की खरीद और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार की इस पहल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ स्थानीय कुम्हारों को भी सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
Source link
PM के जन्मदिन पर हर अंत्योदय-परिवार के घर जलेगा दीया:हर परिवार को मुफ्त मिलेंगे 2 दीये; 79.52 लाख दीये बांटने की तैयारी, आंबटन का प्रमाण देंगे
