Headlines

Punjab Chandigarh News | Doctor Murder Encounter & Power Crisis Updates


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर बिजली संकट से जुड़ी है। पंजाब में अनशेड्यूल्ड बिजली कटों पर विराम लगने वाला है, क्योंकि राजपुरा और तलवंडी साबो के थर्मल प्लांटों में बंद पड़े यूनिट भी शुरू कर दिए गए हैं।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. थर्मल प्लांटों के सभी यूनिट चालू, बिजली संकट कटेगा

पंजाब में राजपुरा थर्मल प्लांट और तलवंडी साबो पावर प्लांट के सभी यूनिट चलने के बाद अब पंजाब में बिजली संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। पावरकॉम के अनुसार, रविवार से कृषि और औद्योगिक क्षेत्र में लगाए जा रहे बिजली के कट बंद कर दिए गए हैं। दोनों जगह 3300 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू हो गया।

दरअसल, कोयले की कमी के चलते राजपुरा थर्मल प्लांट की 1 यूनिट, जबकि तलवंडी साबो की 2 यूनिटें बंद हो गई थीं। इसके कारण शाम के समय उद्योगों में अनशेड्यूल कट लगाए जा रहे थे। इसका असर शहरी और ग्रामीण इलाकों पर भी पड़ा। शहरी क्षेत्रों में 3 से 4 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 1 घंटे तक बिजली कट लगे।

इसके बाद बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने दावा किया था कि मौजूदा बिजली संकट को एक-दो दिनों में हल कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

2. सिंगर के घर फायरिंग, गैंगस्टर डोनी बल ने जिम्मेदारी ली

बरनाला के गांव फरवाही में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाइक पर 3 युवक घर के पास आते दिखाई दे रहे हैं।

घर के बाहर पहुंचते ही युवकों ने बाइक रोकी। इसके बाद बीच में बैठे युवक ने पिस्टल लोड कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसके पीछे बैठे युवक ने भी फायरिंग की। जबकि, बाइक चला रहे तीसरे युवक ने वीडियो बनाई।

इसके बाद तीनों युवक करीब 8 राउंड फायरिंग कर मौके से भाग गए। इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। गोलियां घर के गेट पर लगीं। इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर डोनी बल ने एक ऑडियो जारी कर ली है। कुछ समय पहले गुलाब सिद्धू को कुछ लोगों ने फिरौती और जान से मारने की धमकियां भी दी थीं। (पढ़ें पूरी खबर)

3. पुलिस एनकाउंटर में 2 गैंगस्टर ढेर

लुधियाना में रविवार को एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने 2 गैंगस्टरों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोपहर करीब 3 बजे आत्मा पार्क के बाहर AGTF और गैंगस्टरों में मुठभेड़ हुई। AGTF टीम को देखते ही गैंगस्टरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद AGTF ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं।

घटना की सूचना मिलते ही लुधियाना के पुलिस कमिश्नर (CP) स्वपन शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम जांच के लिए पहुंची। CP ने कहा कि सूचना हमारे पास पहले से थी। ये जॉइंट ऑपरेशन है। AGTF के पाश इंफॉर्मेशन थी। उन्होंने हमारे साथ शेयर की। दोनों की टीम लगी हुई थीं।

उन्होंने कहा कि मारे गए दोनों युवक (शूटर) अमृतसर के रहने वाले थे। ये विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल के संपर्क में थे। डोनी बल ही इन्हें गाइड कर रहा था और उसी ने टारगेट के साथ-साथ हथियार भी मुहैया करवाए थे। (पढ़ें पूरी खबर)

4. डॉक्टर की मुंह कुचलकर हत्या, SDM की कोठी में मिली लाश

फाजिल्का के अबोहर में मुंह कुचलकर वेटरनरी डॉक्टर की हत्या कर दी गई। डॉक्टर का शव रविवार सुबह खेतों के बीच बनी खाली कोठी में मिला। यह कोठी SDM की है। डॉक्टर के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।

जांच में सामने आया है कि उस पर तेजधार और नुकीले हथियार से हमला किया गया। इसकी सूचना मिलते ही DSP अमनदीप सिंह और थाना खुईयां सरवर की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया। मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान गिदड़ांवाली गांव निवासी अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. नानी की बहादुरी से दोहती बची, किडनैपर दबोचे

लुधियाना में नानी की बहादुरी से दोहती की किडनैपिंग टल गई। घर के बाहर 2 युवक स्कूटी पर पहुंचे थे। दोनों ने रूमाल से मुंह ढंके हुए थे। बच्ची की नानी ने उन्हें देख लिया और रोककर पूछताछ की। इस पर दोनों घबराकर भागने लगे।

नानी ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपियों की एक्टिवा की चाबी निकाल ली और शोर मचा दिया। नानी का आरोप है कि आरोपी बच्ची का अपहरण करने आए थे। शोर सुनकर बच्ची की मां भी बाहर आ गई और मोहल्लावासियों की मदद से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। नानी ने बताया कि आरोपी कुछ समय से बच्ची और उसकी मां का पीछा कर रहे थे। (पढ़ें पूरी खबर)

6. एक्ट्रेस ने सिंगर से अफेयर पर तोड़ी चुप्पी

पंजाबी मॉडल और एक्ट्रेस हरमन बराड़ इन दिनों सिंगर-एक्टर परमीश वर्मा के साथ अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। दोनों के बीच रिश्ते की चर्चाएं जुलाई-अगस्त 2026 में तब शुरू हुई, जब ‘देखी जा’ गाने में साथ काम करने के बाद दोनों की कई क्लोज फोटो और वीडियो सामने आए।

अगस्त के आखिरी दिनों में परमीश ने हरमन के साथ रोमांटिक फोटो शेयर कर उन्हें ‘हैप्पी बर्थडे लव’ भी विश किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कमेंट और ट्रोलिंग शुरू हो गई। अब हरमन ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए चुप्पी तोड़ी। (पढ़ें पूरी खबर)

7. भाजपा नेता की SHO से लाश को लेकर बहस

जालंधर थाना डिवीजन नंबर 5 में आते बस्ती शेख स्थित ऐतिहासिक दशहरा ग्राउंड से बिहार के युवक की डेडबॉडी मिली। जिस बंद कमरे से डेडबॉडी मिली उसमें सीरिंज बिखरी थीं। लोगों ने शव देख पुलिस और भाजपा नेता शीतल अंगुराल को मौके पर बुलाया।

इस दौरान भाजपा नेता ने कहा कि मौत नशे के कारण हुई है। इस बीच SHO संजय और शीतल के बीच तीखी बहस हो गई। शीतल ने आरोप लगाया कि कमरे के अंदर घुसे पुलिस मुलाजिम ने लाश का मुआयना करने के बाद वहां से सीरिंज उठाकर बाहर फेंक दी। डेडबॉडी ले जाने के लिए माल ढोने वाला वाहन मंगवाया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. बाणा पहने युवक की निहंगों ने की पिटाई

लुधियाना में निहंग बाणे की आड़ में लोगों से लूटपाट करने के आरोप में एक युवक की निहंगों ने पकड़कर पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक अपने साथी के साथ सफेद रंग की एक्टिवा पर घूमता है और निहंग बाणा पहनकर लोगों से जबरदस्ती पैसे व सामान छीनने की कोशिश करता है।

ट्रांसपोर्ट नगर के पास बाबा कुलदीप सिंह और उनके साथियों ने इन्हें घेरकर पकड़ लिया। बाबा कुलदीप सिंह के मुताबिक, कुछ समय पहले निहंग बाणे में आए एक्टिवा सवार युवकों ने एक फोटोग्राफर को चलती गाड़ी पर रोककर हमला किया और उससे पैसे छीनने की कोशिश की थी।

आरोप है कि युवक ने कृपाण दिखाकर पैसे छीनने की कोशिश की। इसके बाद निहंगों ने उसे घेर लिया। (पढ़ें पूरी खबर)

9. स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, संचालक गिरफ्तार

मोहाली में जीरकपुर के बाद अब खरड़ में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से 4 युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि स्पा सेंटर के मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है, जो हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली स्थित रामिया कॉलोनी का रहने वाला है।

स्पा सेंटर के मालिक सलमान खान के खिलाफ केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अनुसार, चौकी इंचार्ज मजात चरण सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लग्जरी स्पा सेंटर में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शनिवार देर रात रेड की। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. रील्स देखने से रोका तो घर से भागा बच्चा, ग्वालियर में मिला

चंडीगढ़ में मोबाइल पर रील्स देखने से रोकने पर 8 साल का बच्चा नाराज हो गया। इसके बाद वह घर से बिना बताए निकल गया और ट्रेन में बैठकर 638 किलोमीटर का सफर तय कर अकेले मध्यप्रदेश के ग्वालियर पहुंच गया।

एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच में टीटीई ने उसे अकेले सफर करते देखा। जब उससे पूछताछ की गई, तो उसके साथ कोई परिजन नहीं मिला। इसके बाद टीटीई ने आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ ने बच्चे को ग्वालियर में ट्रेन से उतारकर उसकी मां से बात कराई। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *