![]()
अंबिकापुर में IPS रवि कुर्रे के बेटे की पिटाई करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों का पुलिस ने कोतवाली थाने से जुलूस निकाला और पैदल उन्हें लेकर कोर्ट तक पहुंचे। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। IPS के बेटे ने एक बदमाश का नाम ले लिया था, जिसके बाद युवकों ने उसकी पिटाई कर दी थी और धमकाया था कि ‘तेरा बाप पुलिस वाला होगा, हमारा क्या बिगाड़ लेगा।’ मामले में अन्य आरोपी फरार हैं। जानकारी के मुताबिक, आईपीएस रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कांत ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ बौरीपारा तालाब के पास रिंग रोड पर रुका था। वे अपने दोस्त प्रिंस गुप्ता का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और उनके अन्य साथियों ने विवाद शुरू कर दिया। लेखांश के मुताबिक, उसने बातचीत के दौरान गोलू गणेश का नाम लिया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार मारपीट के दौरान लेखांश से आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि ‘तेरा पिता पुलिस अधिकारी है तो हमारा क्या बिगाड़ लेगा।’ इसके बाद सभी ने लेखांश के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में लेखांश के कान, कंधे, सिर और गले में चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(1), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों गोलू गणेश और आशुतोष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को दोनों का शहर के मुख्यमार्गों से जुलूस निकाला। आरोपियों को हथकड़ी लगाकर पुलिस उन्हें कोतवाली थाने से मुख्य मार्ग होते हुए कोर्ट तक पहुंची और कोर्ट में पेश किया। दोनों को जेल भेज दिया गया है। घटना के अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं। आरोपियों में गोलू गणेश पूर्व में सौरभ मिश्रा के घर के सामने गाड़ियों में तोड़फोड़ और घर में घुसकर मारपीट के मामले में भी शामिल था। इस मामले में वह फरार था। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने दोनों अपराधों में उसके खिलाफ कार्रवाई की है।
Source link
IPS के बेटे को पीटने वाले बदमाशों का निकला जुलूस:बदमाश का नाम लेने पर पीटा, कहा था-तेरा बाप पुलिसवाला होगा, क्या बिगाड़ लेगा
