![]()
पेटलावद में रविवार को क्षत्रिय सीरवी समाज की कुलदेवी श्री आई माता जी का 611वां अवतरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर भादवी बीज उत्सव भी मनाया गया। सीरवी मोहल्ला स्थित आई माता मंदिर में समाज के लोग इकट्ठा हुए। सभी ने मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर से एक विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बैंड-बाजों की धुन पर घोड़ों पर सवार युवक हाथों में ध्वज लेकर सबसे आगे चल रहे थे। बीच में कुलदेवी आई माता जी की आकर्षक झांकी सजी हुई थी। झांकी के पीछे समाज के बच्चे, युवा और महिला-पुरुष रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में नाचते-गाते चल रहे थे। युवाओं का डांडिया नृत्य और महिलाओं का गरबा नृत्य इस जुलूस का खास आकर्षण रहा। यह जुलूस आई माता मंदिर से शुरू होकर होली चौक, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड और गणपति रामदेव मंदिर होते हुए वापस आई माता मंदिर परिसर पहुंचा। यहां महाआरती की गई और प्रसाद बांटा गया। महाआरती के बाद क्षत्रिय सीरवी समाज धर्मशाला में महाप्रसादी का आयोजन हुआ। इस साल के मुख्य लाभार्थी श्री प्रदीप भगाजी परमार रहे। इस धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
Source link
पेटलावद में श्रीआई माता के अवतरण दिवस पर जुलूस निकला:सीरवी समाज ने 611वां अवतरण दिवस धूमधाम से मनाया, डांडिया-गरबा आकर्षण का केंद्र रहे
