![]()
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर एक एडवोकेट की नई ब्लैक थार अचानक आग की लपटों में घिर गई। थार चलते समय अचानक झटके देने लगी। इसके बाद डैशबोर्ड पर इंजन वार्निंग लाइट जली। एडवोकेट ने गाड़ी रोककर जांच करने की कोशिश की, लेकिन बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ देर में पूरी थार में आग लग गई। एडवोकेट ने बताया कि उसने थार 10 दिन पहले ही 16 लाख रुपए लगाकर खरीदी थी। अभी यह सिर्फ 700 किलोमीटर ही चली थी। मालिक की जुबानी, सिलसिलेवार पूरा मामला… बराड़ा से शाहाबाद जा रहे थे अंबाला के बराड़ा निवासी एडवोकेट अंशिल अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने ब्लैक थार पिछले महीने 31 अगस्त को ही खरीदी थी। नई गाड़ी होने के कारण यह अभी करीब 700 किलोमीटर ही चली थी। वह 11 सितंबर को बराड़ा से शाहाबाद होते हुए अंबाला कोर्ट में बार एसोसिएशन के चुनाव में वोट डालने जा रहे थे। चलते-चलते झटके देने लगी थार अंशिल के मुताबिक, रास्ते में थार अचानक मिसिंग मारने लगी। इसके बाद डैशबोर्ड पर इंजन की लाइट जल गई। उन्हें गाड़ी में खराबी का शक हुआ तो उन्होंने इसे शाहाबाद में अमन होटल के पास सड़क किनारे रोक दिया। गाड़ी रोकने के बाद वह इंजन चेक करने के लिए नीचे उतरे। जैसे ही वह गाड़ी की तरफ आए, बोनट की तरफ से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में वहां से लपटें निकलने लगीं। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, फायर ब्रिगेड बुलाई हाईवे पर थार में आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से बढ़ती गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर शाहाबाद और अंबाला से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आधे घंटे में आग बुझी, तब तक थार जल चुकी थी शाहाबाद फायर स्टेशन के कर्मी आशीष कुमार ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे कार में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद अंबाला और शाहाबाद से फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दोनों टीमों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक थार पूरी तरह जल चुकी थी। बचा सिर्फ लोहे का ढांचा आग इतनी तेज थी कि गाड़ी की बॉडी, इंटीरियर और दूसरे हिस्से पूरी तरह जल गए। मौके पर सिर्फ लोहे का ढांचा बचा। फिलहाल आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। गाड़ी में पहले मिसिंग की समस्या आई, फिर इंजन वार्निंग लाइट जली और इसके कुछ सेकंड बाद आग भड़क गई। आग लगने की असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी।
Source link
10 दिन बाद ही ₹16 लाख की थार में आग:सिर्फ 700KM ही चली थी; कुरुक्षेत्र से अंबाला जाते हुए लपटें निकलने लगीं
