![]()
पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी थाने पर हैंड ग्रेनेड फेंककर धमाका करने की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में इसे सामान्य धमाका माना जा रहा था, लेकिन बाद में पुलिस की तकनीकी जांच में यह खुलासा हुआ कि थाने को निशाना बनाकर हैंड ग्रेनेड फेंका गया था। डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बीते दिन जलालाबाद सिटी थाने के अंदर यह धमाका हुआ था। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि थाने के अंदर खड़ी दो पुरानी कारों के शीशे जरूर टूट गए थे। फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह की देखरेख में तुरंत मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित की गईं और महज एक दिन के भीतर आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और तौर-तरीका पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह (पुत्र गुरबख्श सिंह, निवासी गांव हजारा राम सिंह वाला) और मनप्रीत सिंह (पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी घुबाया) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पैदल ही चलकर सिटी थाने के पास पहुंचे थे और थाने के भीतर हैंड ग्रेनेड फेंककर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस के हाथ इस वारदात से जुड़े कुछ अहम सीसीटीवी फुटेज भी लगे हैं, जिनके आधार पर आगे की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। चंद पैसों का लालच और अन्य आरोपियों की तलाश डीआईजी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपियों को इस खतरनाक वारदात को अंजाम देने के लिए केवल “चंद पैसों का लालच” दिया गया था, हालांकि हैरानी की बात यह है कि उन्हें अभी तक एक भी रुपया नहीं मिला था। इस पूरी घटना का मुख्य उद्देश्य इलाके में दहशत फैलाना था। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में कुल पांच लोगों के शामिल होने की आशंका है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उन्हें हैंड ग्रेनेड उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायरों और बाकी तीन फरार आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं।
Source link
जलालाबाद सिटी थाने पर हैंड ग्रेनेड हमले में दो गिरफ्तार:3 की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी, DIG बोले- पाक एजेंसियों का हाथ है
