![]()
राजकीय महाविद्यालय उकलाना में सोमवार को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 15 दिवसीय हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ भी हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेखा सलूजा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष कृष्ण शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा के महत्व, उसकी उपयोगिता तथा देश के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन में हिंदी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के प्रति रुचि एवं सम्मान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. सुरीना ने भी हिंदी भाषा के महत्व पर व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया। 15 दिनों तक होगा साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन प्राचार्या प्रो. रेखा सलूजा ने कहा कि हिंदी दिवस के अवसर पर शुरू किया गया हिंदी पखवाड़ा आगामी 15 दिनों तक चलेगा। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न भाषाई, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सामाजिक पहचान से भी जुड़ी है। मतदाता पंजीकरण कैंप भी लगाया कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के मतदाता पहचान पत्र एवं वोट बनवाने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व तथा एक जागरूक नागरिक के रूप में उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। इस दौरान पात्र विद्यार्थियों के वोट भी बनवाए गए। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रो. मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाना और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करना जरूरी है। यह लोग रहे मौजूद कार्यक्रम में डॉ. अंजू, डॉ. अमित कुमार, डॉ. इंदु, मुकेश कुमार, डॉ. चंदन सिंह, डॉ. विष्णु राम सहित महाविद्यालय के अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान एवं रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
Source link
उकलाना डिग्री कॉलेज में हिंदी पखवाड़ा शुरू:15 दिन होंगी भाषाई, साहित्यक गतिविधियां, मतदाता कैंप में छात्रों के वोट भी बनवाए
