Headlines

मनोहरपुर में लूट के दौरान फायरिंग:बर्तन फेरी वालों के घर घुसे बदमाश, एक घायल; दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद




पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमेरता गांव में लूटपाट और फायरिंग के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश बर्तन फेरी करने वाले लोगों के घर में घुसे थे। पुलिस ने आरोपियों की बताई जगह से 7.65 एमएम पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टुटी ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 12 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे हुई थी। उस समय तीन लोग खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। तभी दो युवक पिस्टल लेकर घर में घुस गए। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और 20 से 25 हजार रुपए लूट लिए। जब बदमाश भागने लगे, तो पीड़ितों ने शोर मचाया और एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। गोली सुरोजित दास के पेट को छूकर निकल गई। फायरिंग के बाद भागते समय एक आरोपी अंधेरे में गिरकर घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उसकी पहचान मनोहरपुर के धानापाली निवासी जशवंत महतो उर्फ छोटू (25) के तौर पर हुई। पूछताछ में उसने अपने साथी अजय गोप उर्फ कालू (19) का नाम बताया। अजय ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बिसरा थाना क्षेत्र के कोपसिंगा का रहने वाला है। पुलिस ने अजय को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपियों ने पहले से रेकी कर लूट की योजना बनाई थी। इस मामले में मनोहरपुर थाना में कांड संख्या 36/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि जशवंत के खिलाफ जलडेगा थाना में भी पहले से एक मामला दर्ज है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *