Headlines

आगरा की बेटी ने लद्दाख मेराथन में जीता स्वर्ण पदक:11 हजार फीट की ऊंचाई पर लगाई दौड़,लेह में लेफ्टिनेंट कर्नल पद पर हैं तैनात




आगरा की बेटी ने देश की सबसे कठिन मैराथन में गोल्ड जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। लेह में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल प्रीति पोनिया ने लद्दाख मैराथन-2026 में 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में स्वर्ण पदक हासिल किया है। खास बात यह है कि यह दौड़ 11,500 फीट की ऊंचाई पर हुई, जहां आम आदमी का चलना भी मुश्किल हो जाता है। सेना की अधिकारी ने BIB नंबर 25447 के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। उन्होंने 21.0975 किलोमीटर की दूरी 2 घंटे 10 मिनट 44 सेकंड में पूरी की। लद्दाख में ऑक्सीजन का स्तर मैदानी इलाकों से 40 प्रतिशत तक कम होता है। ऐसे में कम ऑक्सीजन, तेज हवाओं और पथरीले रास्ते के बीच दौड़ पूरी करना ही बड़ी चुनौती है, लेकिन प्रीति ने न सिर्फ दौड़ पूरी की, बल्कि गोल्ड पर कब्जा जमाया। लेफ्टिनेंट कर्नल प्रीति मूल रूप से आगरा की रहने वाली हैं और वर्तमान में लेह में पोस्टेड हैं। सैन्य ड्यूटी के साथ-साथ उन्होंने फिटनेस और रनिंग का रूटीन नहीं छोड़ा। रोजाना सुबह लेह की सर्द हवाओं में प्रैक्टिस ने उन्हें इस जीत के लिए तैयार किया। उनकी इस उपलब्धि को सेना में भी बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। सेना के अधिकारियों का कहना है कि यह अनुशासन, मानसिक मजबूती और कड़े प्रशिक्षण का नतीजा है। आगरा में परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। प्रीति की कामयाबी युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने साबित किया है कि अगर जज्बा हो तो ऊंचाई और मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं। सेना की वर्दी में देश की सेवा और ट्रैक पर गोल्ड, दोनों मोर्चों पर आगरा की बेटी ने परचम लहराया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *