![]()
भिंड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दंदरौआ धाम यात्रा के दौरान रविवार शाम सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। मुख्यमंत्री दर्शन के बाद ग्वालियर लौटने के लिए हेलीकॉप्टर में सवार हो चुके थे। उनके साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी मौजूद थे। जैसे ही हेलीकॉप्टर टेकऑफ की तैयारी में था, तभी हेलीपैड के ऊपर एक ड्रोन उड़ता दिखाई दिया। ड्रोन देखते ही पायलट ने सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने से इनकार कर दिया। करीब 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर ही खड़ा रहा। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने पूरे परिसर में तलाश शुरू की। जांच के दौरान मंदिर की छत पर राघवेंद्र खेमरिया नाम का युवक ड्रोन उड़ाते मिला। पुलिस ने तत्काल ड्रोन नीचे उतरवाकर उसे हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए मामला मिहोना थाना पुलिस को सौंपा गया है। मंदिर गतिविधियों के वीडियो बनाता है
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राघवेंद्र खेमरिया मंदिर से जुड़े वीडियो और फोटो अपने निजी यूट्यूब व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करता है। बताया जा रहा है कि मंदिर समिति के कुछ लोगों की पहल पर उसे सुरक्षा घेरे के भीतर प्रवेश मिला था। मुख्यमंत्री जब मंदिर में पूजा-अर्चना कर महंत रामदास महाराज से मुलाकात कर रहे थे, उसी दौरान वह परिसर में मौजूद रहकर मोबाइल और ड्रोन कैमरे से पूरे कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहा था। मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि राघवेंद्र लंबे समय से मंदिर की गतिविधियों के वीडियो बनाता है।
सीएसपी बोले- टेकऑफ के दौरान उड़ाया गया ड्रोन
सीएसपी निरंजन राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के टेकऑफ के दौरान हेलीपैड के ऊपर ड्रोन उड़ाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को मंदिर की छत से पकड़ लिया। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई के लिए मिहोना थाना पुलिस को प्रकरण सौंप दिया गया है। ड्रोन, मोबाइल समेत डिजिटल उपकरण जब्त
दंदरौआ धाम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हेलीकॉप्टर के टेकऑफ के दौरान ड्रोन उड़ाने के मामले में पुलिस ने राघवेन्द्र खैमरिया से पूछताछ की। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि पुलिस ने ड्रोन, मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त कर लिए हैं। मेहगांव थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने बताया कि घटना के समय उनकी ड्यूटी लहार कार्यक्रम में लगी थी। थाने पहुंचने पर राघवेन्द्र खैमरिया पुलिस हिरासत में मिले। उनके डिजिटल उपकरण जब्त कर जांच की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मंदिर प्रबंधन का कहना है कि राघवेन्द्र खैमरिया दंदरौआ धाम के अधिकृत कर्मचारी हैं और मंदिर का आधिकारिक यूट्यूब चैनल संचालित करते हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि ड्रोन उड़ाने के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ या नहीं।
Source link
भिंड में सीएम के हेलीकॉप्टर की उड़ान ड्रोन से रुकी:टेकऑफ से पहले हेलीपैड पर उड़ाया, यूट्यूबर हिरासत में; सुरक्षा में चूक की जांच हो रही
