![]()
पीलीभीत में भीषण गर्मी और उमस के बीच अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार रात ग्रामीणों ने माधोटांडा-खटीमा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। क्षेत्र में लंबे समय से घंटों तक बिजली गुल रहने की समस्या है। मंगलवार रात करीब 12 बजे जब गर्मी और उमस बहुत ज्यादा थी और बिजली नहीं थी, तो ग्रामीणों का सब्र टूट गया। ग्राम प्रधान नईम अली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर जमा हो गए और रास्ता रोक दिया। इस अचानक प्रदर्शन से प्रशासन में भी हलचल मच गई। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में घंटों तक अघोषित बिजली कटौती होती है, जिसका कोई तय समय नहीं है। जब भी बिजली विभाग के कर्मचारियों से आपूर्ति बहाल होने के बारे में पूछा जाता है, तो वे टालमटोल करते हुए गलत समय बता देते हैं। तय समय बीतने के बाद भी बिजली नहीं आती। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों का बुरा हाल है, लेकिन विभाग सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है। मुख्य मार्ग पर चक्काजाम की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गुस्साए ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या सुनी और जल्द ही बिजली आपूर्ति ठीक करने का पक्का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने और भरोसे के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला।
Source link
पीलीभीत में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण भड़के:आधी रात को माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर चक्काजाम कर जताया विरोध
