Headlines

Bilaspur Dhaba Loot: Rs 4500 Stolen, Diesel Thieves Arrested


बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में नहरपारा स्थित एक ढाबे पर देर रात लूटपाट हुई। तीन युवकों ने ढाबा संचालक से शराब मांगी और मना करने पर चाकू की नोक पर 4500 रुपए लूट लिए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

.

यह घटना नेशनल हाईवे नवापारा स्थित गहलोत ढाबे पर हुई। ढाबा संचालक आशीष गहलोत (36) ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब 1 बजे विक्कू रावत, राजा कश्यप और ब्यासनारायण पाटले उनके ढाबे पर आए। तीनों ने शराब की मांग की, जिस पर विवाद शुरू हो गया।

आशीष गहलोत के मना करने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। जब ढाबा कर्मी विजेंद्र कमल बीच-बचाव करने आए, तो तीनों आरोपियों ने उनके साथ हाथ-मुक्के, स्टील पाइप और डंडे से मारपीट की। इसके बाद उन्होंने चाकू दिखाकर गल्ले से 4500 रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

लूटी रकम और हथियार बरामद

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और आरोपियों विक्कू रावत, राजा कश्यप तथा ब्यासनारायण पाटले को उनके ठिकानों से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने उनके पास से लूटी गई 4500 रुपए की रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी, चाकू बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले 2 गिरफ्तार

बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में ट्रेलर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो स्कॉर्पियो वाहन, 200 लीटर चोरी का डीजल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले पाइप व लोहे की छड़ जब्त की है। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

शनिवार को एक ट्रेलर मालिक ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रायपुर से सिंगरौली (मध्यप्रदेश) जा रहे ट्रेलर में करीब 200 लीटर डीजल भरा गया था। रास्ते में नेशनल हाईवे स्थित बाबी ढाबा, गतौरी के पास चालक भोजन करने रुका। इसी दौरान ट्रेलर की टंकी से करीब 150 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया।

चोरी का डीजल बेचने की सूचना पर पुलिस की दबिश

कोनी टीआई विवेक पांडेय ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि दो स्कॉर्पियो वाहनों में सवार कुछ लोग गतौरी के पास चोरी का डीजल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीन मौके से फरार

पुलिस ने मौके से शिवप्रसाद उर्फ छोटू लोनिया (32), निवासी सीलपुर, थाना कोतमा, जिला अनूपपुर (म.प्र.) और भानु प्रसाद लोनिया (37), निवासी ग्राम बरपाली भदोरिया खार, थाना कोनी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान तीन अन्य आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए।

200 लीटर डीजल, दो स्कॉर्पियो और उपकरण जब्त

तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो (MP-18 ZG-2645) और (CG-10 BK-0938) से 200 लीटर चोरी का डीजल, पाइप और लोहे की छड़ बरामद की। इन उपकरणों का इस्तेमाल ट्रेलर की टंकी से डीजल निकालने में किया जाता था।

कोरबा और रायपुर में भी करते थे वारदात

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कोरबा, रायपुर समेत कई जिलों में ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों से डीजल चोरी कर उसे बेचते थे। पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश कर रही है।

आरोपियों को भेजा गया जेल

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *