![]()
पंजाब में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नकोदर क्षेत्र के चक्क कलां और चक्क वेंडल गांवों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर अचानक छापेमारी कर अवैध खनन के दो मामले दर्ज किए और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही भारी मशीनरी और वाहनों का बड़ा जत्था भी जब्त किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर समाज विरोधी तत्वों और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक (जांच) विनीत अहलावत के नेतृत्व और डीएसपी नकोदर ओंकार सिंह बराड़ की देखरेख में थाना सदर नकोदर के प्रभारी इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की। BNS और माइनिंग एक्ट में केस दर्ज कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 और माइनिंग एक्ट की धारा 21 के तहत थाना सदर नकोदर में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दूसरे मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मिंटोपूर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गेरा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जब्त की गई भारी मशीनरी की सूची पुलिस द्वारा चलाए गए इस सर्च ऑपरेशन के दौरान अवैध खनन में लिप्त निम्नलिखित भारी वाहनों और उपकरणों को कब्जे में लिया गया है। इसमें 2 पोकलेन मशीनें और 2 जेसीबी (JCB) मशीनें। 5 टिप्पर, 4 ट्रैक्टर और 3 ट्रॉलियां 1 स्पेड/खुरा और 1 बेलचा कैंपर शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस काले कारोबार में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Source link
जालंधर में अवैध खनन पर पुलिस ने की छापेमारी:मौके से एक आरोपी गिरफ्तार, चक्क कलां और चक्क वेंडल से मशीनरी और वाहन जब्त
