![]()
फाजिल्का अबोहर शहर में लावारिस पशुओं के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। बुधवार सुबह पुरानी फाजिल्का रोड स्थित चिंतपूर्णी मंदिर वाली गली में एक बड़ा हादसा टल गया। अपने घर के बाहर खड़े करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग पर काले रंग के एक लावारिस सांढ़ ने अचानक हमला कर दिया। सांढ़ ने बुजुर्ग को सींगों में फंसाकर हवा में उछाला और दूर पटक दिया, जिससे वे सीधे अपने घर के दरवाजे के पास जा गिरे। सांढ़ के हमले के दौरान बुजुर्ग की दर्दनाक चीख सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने फौरन परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन घायल बुजुर्ग को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बुजुर्ग को शरीर में कई जगह अंदरूनी चोटें आई हैं। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, शहरवासियों में रोष हमले की यह खौफनाक घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि गलियों और मुख्य सड़कों पर आवारा घूमते सांढ़ों के कारण हर समय बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की जान पर खतरा बना रहता है। आनंद नगरी में सांढ़ के हमले से पहले हो चुकी है महिला की मौत शहर में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। कुछ महीने पहले आनंद नगरी (गली नंबर 6) में भी घर के बाहर खड़ी एक महिला पर लावारिस सांढ़ ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। लगभग दो सप्ताह तक इलाज चलने के बाद उस महिला की मौत हो गई थी। इस दुखद हादसे के बावजूद प्रशासन की नींद नहीं खुली है। ठप पड़ा ‘पशु पकड़ो अभियान’, नियमित कार्रवाई की मांग स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जिला प्रशासन द्वारा करीब एक साल पहले शुरू किया गया ‘पशु पकड़ो अभियान’ लंबे समय से पूरी तरह बंद पड़ा है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से गुहार लगाई है कि आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए तुरंत और नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति की जान न जाए।
Source link
अबोहर में दरवाजे पर खड़े बुजुर्ग को सांड ने पटका:गंभीर रूप से घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, घटना CCTV में कैद
