![]()
कोटा नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के बाद शहर की सरकार का खाका साफ हो चुका है, लेकिन असली सियासी ड्रामा अभी बाकी है। 100 वार्डों में से 57 पर कब्जा जमाकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पूर्ण बहुमत के साथ अपना बोर्ड बनाने की स्थिति में है। दूसरी ओर, 39 सीटें जीतने वाली कांग्रेस बिना मुकाबले के मैदान छोड़ने के मूड में नहीं है। पार्टी नेतृत्व का साफ संदेश है कि मेयर पद के लिए कांग्रेस भी अपना प्रत्याशी उतारेगी। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ही दलों में मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर बैठकों का दौर तेज हो गया है। कोटा नगर निगम मेयर डिप्टी मेयर के चुनाव 25-26 को होंगे। 4 निर्दलीय और बाड़ेबंदी का पेंच
चुनाव नतीजों के बाद 4 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी अहम हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इन 4 में से कम से कम 2 निर्दलीय पार्षद बीजेपी के पाले में जा सकते हैं, जिससे बीजेपी का आंकड़ा 59 तक पहुँच सकता है।दिलचस्प बात यह है कि अभी तक किसी भी पार्टी द्वारा पार्षदों की ‘बाड़ेबंदी’ शुरू नहीं की गई है। दोनों दल फिलहाल अपने-अपने पार्षदों को स्थानीय स्तर पर ही साधे हुए हैं। हालांकि, क्रॉस-वोटिंग के खतरे को देखते हुए बाड़ेबंदी का फैसला भी लिया जा सकता है। दोनों पार्टी के चार चार मेयर पद के चेहरे
बीजेपी में वार्ड 57 से सुनीता सेन, वार्ड 64 से प्रतिभा सुमन, वार्ड 84 से प्रमिला वर्मा और वार्ड 83 से सीमा चौधरी का नाम चर्चा में है। वहीं कांग्रेस में वार्ड 17 से सुनीता सुमन, वार्ड 26 से संजीदा बानो, वार्ड 37 से निर्मला गुर्जर और वार्ड 60 से तरन्नुम के नाम लिए गए हैं। अब इन नामों को लेकर पार्टी स्तर, स्थानीय नेता,कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा की जा रही है। स्थानीय नेताओं, विधायकों और पार्षदों की रायशुमारी के बाद अंतिम नाम पर मुहर लगाई जाएगी। बीजेपी में इनके बीच मुकाबला
बीजेपी में सबसे आगे नाम है वार्ड 83 से सीमा चौधरी का। यह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का खुद का वार्ड है। सीमा पूर्व पार्षद धीरेन्द्र चौधरी की पत्नी है। धीरेन्द्र चौधरी खुद पार्षद रह चुके हैं। लोकसभा अध्यक्ष खेमे में खास माने जाते हैं। सीमा ने कांग्रेस की सुनीता शर्मा को 1746 वोट से हराया है। वार्ड नंबर 64 में बीजेपी की प्रतिभा सुमन चुनाव जीती है। प्रतिभा ने 1805 वोट हासिल करते हुए कांग्रेस की तस्मीन कुरैशी को हराया है। बीजेपी सुत्रों का मानना है कि पार्टी माली समाज का ध्यान रखते हुए प्रतिभा को मौका दे सकती है। इससे समाज में मेसेज भी जाएगा। इसके अलावा प्रमिला और सुनीता के नाम को लेकर भी चर्चा की गई है। यहां समाज को साधने की कोशिश, वोट बैंक को देखकर निर्णय लिया जा सकता है। कांग्रेस में उत्तर दक्षिण में फंसेगा पेंच
कांग्रेस में ओबीसी महिला वर्ग से चार पार्षदों के नाम चर्चा में है। इनमें दो दक्षिण, एक उत्तर और एक लाडपुरा से है। दक्षिण विधानसभा एरिया से वार्ड 26 की संजीदा बानो, वार्ड 60 की तरन्नुम है। वहीं कोटा उत्तर से वार्ड 17 की सुनीता सुमन और वार्ड 37 से निर्मला गुर्जर लाडपुरा से हैं। अभी तक पार्टी में नामों को लेकर कोई बडी चर्चा नहीं हुई है। अभी सिर्फ नाम लिए गए है। ऐसे में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नामों को लेकर चर्चा की जाएगी। हालांकि इनमें सुनीता और संजीदा को लेकर चर्चाएं है।
Source link
