Headlines

‘भावी PM’ बताने पर CM सैनी ने पकड़ा माथा, VIDEO:नारनौल में अंगुली दिखाकर मंच संचालक को टोका; पूर्व प्रधान को चुप कराने दौड़े गनमैन




हरियाणा के नारनौल में गुरुवार को सैनी सभा के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मंच से ‘भावी प्रधानमंत्री’ बताए जाने पर CM नाराज हो गए। मंच संचालक के ऐसा कहते ही CM सैनी ने अपना माथा पकड़ लिया और फिर अंगुली दिखाते हुए उसे टोका। कार्यक्रम में ये वाकया जिस समय हुआ, उस समय मंच संचालन की जिम्मेदारी सैनी सभा नारनौल के पूर्व प्रधान जेपी सैनी के पास थी। जेपी सैनी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करने के बाद लोगों में जोश भरने के मकसद से नारे लगवाते समय CM को ‘भावी पीएम’ कह डाला। जेपी सैनी की बात सुनते ही मंच पर बैठे मुख्यमंत्री ने तुरंत उन्हें टोका और हाथ से इशारा करते हुए ऐसा कुछ भी ना बोलने को कहा। CM की आपत्ति को देखते हुए मंच पर मौजूद उनके सुरक्षाकर्मी तुरंत डायस की तरफ दौड़े और जेपी सैनी को चुप करवाया। इस पूरे वाकये से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। 3 तस्वीरों से समझें कैसे 2 मिनट में पूरा माहौल बदल गया… जानिये कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम CM ने पूर्व प्रधान को बुलाकर समझाया इस घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने जेपी सैनी को अपने पास बुलाया और उन्हें कुछ समझाते दिखे। इस वाकये के बाद कार्यक्रम में मंच संचालक भी बदल दिया गया। बता दें कि जेपी सैनी पेशे से सरकारी अध्यापक हैं। वह नारनौल में सैनी सभा के प्रधान रह चुके हैं और मौजूदा प्रधान हरीश सैनी के करीबी माने जाते हैं। इसी वजह से उन्हें मंच संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दैनिक भास्कर ने इस पूरे घटनाक्रम पर जेपी सैनी से उनका पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर फोन किया मगर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। प्रतिमा का अनावरण भी नहीं हुआ सैनी सभा का नारनौल में बड़ा आधार है। इससे तकरीबन 10 हजार लोग जुड़े हैं। इसी सभा से जुड़े भारत सैनी ने अपनी दादी की याद में महाराज शूर सैनी की मूर्ति बनवाई थी। मुख्यमंत्री के नारनौल दौरे के दौरान इस प्रतिमा का अनावरण प्रस्तावित था। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में प्रतिमा अनावरण की जानकारी दी थी। हालांकि, गुरुवार को मुख्यमंत्री ने प्रतिमा का अनावरण नहीं किया। अनावरण कार्यक्रम रद्द करने की आधिकारिक वजह नहीं बताई गई। 2014 में हो चुका अनावरण बताया जा रहा है कि प्रतिमा के अनावरण को लेकर पहले भी कार्यक्रम आयोजित करने की चर्चा हुई थी। समाज के लोगों के अनुसार वर्ष 2014 में भी इसी प्रतिमा के उद्घाटन का कार्यक्रम होने की बात सामने आई थी। दावा है कि 2014 में तत्कालीन मंत्री राव नरेंद्र सिंह ने इसका अनावरण किया था।
सैनी सभा के प्रधान हरीश सैनी ने कहा कि उनको प्रशासन द्वारा मूर्ति अनावरण कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिली थी, लेकिन उन्हें लगता है कि किन्हीं राजनीतिक कारणों की वजह से अनावरण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *