![]()
डेगाना नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गुरुवार देर रात डेगाना में राजनीतिक माहौल गरमा गया। भाजपा प्रत्याशी राधाकिशन बिन्दा के नामांकन को लेकर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। कांग्रेस प्रत्याशी गिरधारी मुंडेल ने उपखंड अधिकारी जीतू कुलहरी को ज्ञापन सौंपकर नामांकन पत्र में कथित रूप से आपराधिक प्रकरणों, चेक बाउंस सहित अन्य मामलों और दो विवाह से संबंधित जानकारी छिपाने की जांच की मांग की। ज्ञापन देने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक एसडीएम कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए और धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने नामांकन पत्र की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। एसडीएम ने दस्तावेजों की जांच का आश्वासन दिया कांग्रेस प्रत्याशी गिरधारी मुंडेल की ओर से दिए गए ज्ञापन में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ दर्ज बताए गए मामलों सहित अन्य तथ्यों का उल्लेख किया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि नामांकन पत्र में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां कथित रूप से नहीं बताई गई हैं। ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम जीतू कुलहरी ने संबंधित दस्तावेजों और कागजात की नियमानुसार जांच करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही जांच के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत करने की बात कही। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ता तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। पुलिस ने समझाइश की, नारेबाजी जारी रही धरने की सूचना मिलने पर डेगाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अशोक कुमार झाझड़िया के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। पुलिस ने आचार संहिता लागू होने का हवाला देते हुए धरना समाप्त करने के लिए कहा। कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। धक्का-मुक्की के बाद प्रदर्शनकारियों को हटाया स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर लाठियां भांजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने का आरोप लगाया। कार्रवाई के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रदर्शनकारी वहां से हट गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने और युवकों को दौड़ाकर खदेड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कुंकणा गिरफ्तार हंगामे के दौरान पुलिस ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कुंकणा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस दबाव में कार्रवाई कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भी दी। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा के मौके पर पहुंचने की जानकारी सामने आई। नामांकन की जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि अध्यक्ष पद के किसी प्रत्याशी ने नामांकन में कोई तथ्य छिपाया है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोष पाए जाने पर निर्वाचन नियमों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल भाजपा प्रत्याशी राधाकिशन बिन्दा के नामांकन को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन की ओर से भी नियमानुसार दस्तावेजों की जांच का आश्वासन दिया गया है।
Source link
डेगाना में अध्यक्ष चुनाव को लेकर हंगामा, ब्लॉक अध्यक्ष गिरफ्तार:भाजपा प्रत्याशी के नामांकन की जांच को लेकर कांग्रेस का एसडीएम कार्यालय पर धरना
