Headlines

पंजाब में भाजपा करेगी 117 विधानसभा, 4000 किमी. का सफर:15 रथ करेंगे नेतृत्व, पठानकोट के माधोपुर से शुरुआत, नितिन नवीन दिखाएंगे हरी झंडी




शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पंजाब में नशे के खिलाफ नशा मुक्त पंजाब यात्रा निकालने जा रही है। यह यात्रा 18 से 30 सितंबर तक कुल 13 दिन चलेगी। इसके तहत चार यात्राएं प्रदेश के सभी 117 विधानसभा हलकों तक पहुंचेंगी। ये यात्राएं करीब 4000 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 सितंबर को पठानकोट से पहली यात्रा रवाना करेंगे। यह यात्रा माधोपुर स्थित एकता स्थल से शुरू होगी। जिसको लेकर तैयारियां कर ली गईं हैं। पहली यात्रा के नेतृत्व के लिए 15 रथ तैयार किए गए हैं। माधोपुर में 10 हजार लोगों के जुटने की संभावना जिला भाजपा ने जताई है। इसके बाद 19, 20 और 21 को फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और तलवंडी साबो से 3 अन्य यात्राएं शुरू होंगी। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल फाजिल्का से तीसरी यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रा का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होगा। भाजपा का ये प्रयास 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की कवायद माना जा रहा है। माधोपुर से शुरुआत, राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन दिखाएंगे हरी झंडी बीजेपी पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि पठानकोट जिले के माधोपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ‘एकता स्थल’ से पहली यात्रा को रवाना किया जाएगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहले सुबह साढ़े बजे के आसपास पठानकोट सिविल एयरबेस पर आएंगे। उसके बाद सड़क मार्ग से माधोपुर एकता स्थल में दोपहर 12 बजे डॉ. मुखर्जी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 3 बजे के करीब माधोपुर से यात्रा का शुभारंभ होगा। राष्ट्रीय महासचिव सतीश पूनिया भी पठानकोट पहुंच चुके हैं। उन्होंने तैयारियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की है। पठानकोट से पहली यात्रा होगी रवाना सबसे पहले पठानकोट से नितिन नवीन द्वारा माधोपुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाने वाली पहली यात्रा जालंधर में समाप्त होगी। यह यात्रा सुजानपुर, पठानकोट, भोआ, दीनानगर, गुरदासपुर, कादियां, श्री हरगोबिंदपुर, बटाला, फतेहगढ़ चूड़ियन, डेरा बाबा नानक, अजनाला, राजा सांसी, अटारी, अमृतसर पश्चिम, अमृतसर मध्य, अमृतसर दक्षिण, अमृतसर पूर्व, अमृतसर उत्तर, मजीठा, जंडियाला और बाबा बकाला विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इसके रास्ते में तरनतारन, खडूर साहिब, खेमकरण, पट्टी, फिरोजपुर शहर, गुरु हरसहाय, फिरोजपुर ग्रामीण, जीरा, सुल्तानपुर लोधी, भोलाथ, कपूरथला, नकोदर, शाहकोट और जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। ये यात्रा 38 विधानसभा हलकों से होकर गुजरेगी। 19 सितंबर को निकलेगी दूसरी यात्रा वहीं, दूसरी यात्रा 19 सितंबर को श्री फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगी और जालंधर में ही समाप्त होगी। यह समराला, पायल, खन्ना, अमलोह, फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना, डेरा बस्सी, एसएएस नगर, खरड़, चमकौर साहिब, रोपड़, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, चब्बेवाल, होशियारपुर, शाम चौरासी, दसुआ, मुकेरियां, उड़मुड़, आदमपुर, बलाचौर, नवांशहर, बंगा और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। ये यात्रा 24 विधानसभा हलकों को कवर करेगी। 20 को फाजिल्का और 21 को तलवंडी साबो से निकलेगी यात्रा तीसरी यात्रा 20 सितंबर को सादिकी बॉर्डर पर फाजिल्का से शुरू होगी और जालंधर में समाप्त होगी। यह फाजिल्का, बल्लुआना, अबोहर, जलालाबाद, श्री मुक्तसर साहिब, मलोट सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए गुजरेगी। इसके अलावा चौथी यात्रा 21 सितंबर को तलवंडी साबो से शुरू होकर जालंधर में समाप्त होगी और यह तलवंडी साबो, मौड़, रामपुरा फूल, भूच्चो मंडी, बठिंडा ग्रामीण, बठिंडा शहरी, मानसा, सरदूलगढ़, बुढलाडा, भदौड़, बरनाला, महल कलां, धूरी, संगरूर, सुनाम, दिड़बा, लहरा, शुतराना, नाभा, पटियाला ग्रामीण, पटियाला शहरी, सनौर और राजपुरा सहित कुल 22 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। 30 सितंबर को जालंधर में होगा समापन इन चारों यात्राओं का महा-समापन 30 सितंबर को जालंधर में आयोजित किया जाएगा। भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि राज्य से नशे का खात्मा करना पार्टी का मुख्य संकल्प है। वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के संगठन को मजबूत करने और जन-संपर्क बढ़ाने की दिशा में बीजेपी की यह एक बड़ी पहल है। नशे से जान गंवाने वालों के परिवार भी होंगे यात्रा में शामिल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा की इस यात्रा में वे परिवार भी शामिल होंगे। जिन्होंने नशे के चलते अपनों को खोया है। जानकारी के मुताबिक भाजपा ने सभी जिलावार सूची तैयार की है, जिनमें उन परिवारों के लोग शामिल हैं। उनसे राब्ता किया जा रहा है और पीड़ित परिवार भाजपा की हर प्रेस कान्फ्रेंस में भाजपा नेताओं के साथ बैठेंगे और अपना दुख पंजाब के साथ बांटेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *