Headlines

कसौली में होटल-रिसॉर्ट कर रहे ध्वनि प्रदूषण नियमों की अनदेखी:तेज आवाज में चलाए जा रहे म्यूजिक सिस्टम, स्थानीय लोग परेशान, प्रशासन से कार्रवाई की मांग




सोलन जिले में पर्यटन स्थल कसौली में होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे और कॉटेज में तेज आवाज में बजने वाला म्यूजिक और डीजे स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। कसौली-गड़खल, गड़खल-सनावर, कसौली छावनी और जंगेशू समेत आसपास की पंचायतों के लोगों ने इस समस्या के जल्द समाधान और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय भी होटल और रिसॉर्ट में म्यूजिक व डीजे की आवाज इतनी तेज होती है कि आसपास के घरों में रहना मुश्किल हो जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों व बीमार लोगों के आराम पर असर पड़ता है। लोगों को पर्यटन गतिविधियों से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पर्यटकों के मनोरंजन के लिए स्थानीय परिवारों की शांति भंग नहीं होनी चाहिए। ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन कराने की मांग स्थानीय निवासी अनिल, अशोक कुमार, मदन, नथु शर्मा और राजेंद्र सहित अन्य लोगों ने कहा कि कसौली की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की अहम भूमिका है। होटल-रिसॉर्ट में होने वाले कार्यक्रम पर्यटन का हिस्सा हैं। हालांकि, कार्यक्रम करते समय संचालकों को आसपास रहने वाले परिवारों की सुविधा और ध्वनि की तय सीमा का भी ध्यान रखना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे और कॉटेज में ध्वनि प्रदूषण नियमों का पालन करवाया जाए। तेज आवाज में डीजे और म्यूजिक बजाने की शिकायत पर जांच कर कार्रवाई की जाए। लोग बोले- पर्यटन सीजन में बढ़ सकती है समस्या कसौली-गड़खल, कसौली छावनी, गड़खल-सनावर और जंगेशू पंचायतों के लोगों ने पुलिस और प्रशासन से इस समस्या पर ध्यान देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि यह समस्या समय रहते नियंत्रित नहीं की गई तो पर्यटन सीजन के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है। क्षेत्रवासियों ने सोलन के उपायुक्त और कसौली के एसडीएम से भी इस मामले में दखल देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कसौली पर्यटकों के लिए एक पर्यटन स्थल है, लेकिन यहां रहने वाले स्थानीय परिवारों को भी शांतिपूर्ण माहौल में रहने का पूरा अधिकार है। लोगों ने प्रशासन से पर्यटन और स्थानीय निवासियों की सुविधा के बीच संतुलन बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि पर्यटन बढ़े, लेकिन स्थानीय लोगों की शांति की कीमत पर नहीं। थाना प्रभारी कसौली बोले-अभी कोई शिकायत नहीं मिली इस संबंध में थाना प्रभारी कसौली ने कहा कि उनके पास अभी तक इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि तेज आवाज में म्यूजिक या डीजे बजाने को लेकर कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच की जाएगी और होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे व कॉटेज संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *