![]()
जालंधर में आम आदमी पार्टी ने आज शहीद भगत सिंह चौक में UPI पेमेंट पर लगाए गए चार्जेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी जालंधर इकाई की तरफ से प्रदर्शन की कॉल दी गई थी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता नहीं जुट पाए और न ही कोई बड़ा नेता यहां पहुंचा। मेयर विनीत धीर, डिप्टी मेयर और कैंट से आप की हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा के साथ युवा कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका। यहां प्रदर्शन के दौरान युवा, महिलाएं, अधेड़ अपने-अपने ग्रुपों में नारेबाजी करते दिखे। धरने में मोदी के खिलाफ प्रदर्शन से ज्यादा वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने की ज्यादा होड़ दिखी।
आप की महिला कार्यकर्ता छांव ढूंढती नजर आईं दोपहर डेढ़ बजे शहर के व्यस्त चौक में धरने के दौरान आप की महिला कार्यकर्ता छांव ढूंढती नजर आईं तो युवा अपनी-अपनी टोलियों में नारे लगाते नजर आए। धरने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने के बाद मेयर विनीत धीर, डिप्टी मेयर और अन्य नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने व्यापारियों पर नया भार लगाया है। 2000 रुपए से ज्यादा की आनलाइन पेमेंट पर चार्जेस को वापस लिया जाना चाहिए। पुतला फूंकने आए आप कार्यकर्ता माचिस लाना भूले
धरना-प्रदर्शन के दौरान पुतला फूंकने की बारी आई तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के पास माचिस नहीं निकली। इस पर एक कार्यकर्ता धरने से बाहर आया किसी से माचिस मांगकर लाया। इसके बाद मेयर विनीत धीर ने पीएम के पुतले को आग लगाई। पुतला जलाने के बाद आप के युवा कार्यकर्ता पुतला उठाकर ले गए। कंधे पर पुतले को घुमाते हुए कहा कि ये पीएम की अर्थी निकाल रहे हैं। आप के युवा कार्यकर्ताओं ने राम-नाम सत्य है कहते हुए पुतले को कंधे पर उठाकर घुमाया। ट्रैफिक डायवर्जन का नहीं था प्लान, जाम लगा
शहीद भगत सिंह जैसे व्यस्त चौक और स्कूलों में छुट्टी के वक्त हुए प्रदर्शन में ट्रेफिक डायवर्जन नहीं था। हालांकि पुलिस तैनात रही और फंसे वाहनों को निकालती रही। इससे पंजपीर चौक, रेलवे रोड, फगवाड़ा मार्केट, प्रताप बाग की तरफ से आने वाला ट्रेफिक एक जगह ही एकत्रित हो गया। इससे रेलवे रोड, मदन फ्लोर मिल चौक तक लंबा जाम लग गया। धरने के 20 मिनट बाद भी लोग जाम में फंसे रहे।
Source link
जालंधर में AAP के प्रदर्शन बना सेल्फी पॉइंट:पुतला फूंकने को माचिस लाना भूले; UPI पेमेंट पर लगाए गए चार्जेस का विरोध
