![]()
खोंगसरा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत वनग्रामों में सड़क निर्माण का काम कर रहे एक ठेकेदार से 10 हजार रुपए बकाया को लेकर मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदार को जबरन एक ढाबे में बैठाकर रखा गया। ठेकेदार ने पहले बेलगहना चौकी में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बिलासपुर पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर निष्पक्ष कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। ठेकेदार के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को वह खोंगसरा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में राजकुमार केशरवानी उर्फ मोनू ने उन्हें रोक लिया। बताया गया है कि ठेकेदार पर आरोपी के 10 हजार रुपए बकाया थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद मोनू ने ठेकेदार के साथ मारपीट की और उनकी मर्जी के बिना उन्हें ढाबे में बैठाकर रखा। शिकायत में ठेकेदार ने बताया कि आरोपी ने उन्हें दोबारा खोंगसरा आने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के भाई मोहन केशरवानी पर भी फोन पर धमकी देने का आरोप है। इस मामले में 17 सितंबर को बेलगहना चौकी में शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 127(2) के तहत मामला दर्ज किया है। ठेकेदार का कहना है कि FIR दर्ज होने के बाद भी उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। इससे उन्हें और उनके साथ काम करने वाले लोगों को सुरक्षा की चिंता है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी पहले अमरकंटक और छत्तीसगढ़ में कुछ आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। हालांकि, इन पुराने मामलों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी फिलहाल आमागोहन में ढाबा चलाता है। ठेकेदार ने कहा कि इस घटना से सरकारी सड़क निर्माण का काम प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने बिलासपुर SP और SDOP कोटा से सुरक्षा देने और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।
Source link
ठेकेदार से मारपीट और बंधक बनाने का आरोप:10 हजार रुपए बकाया को लेकर हुआ विवाद, आमागोहन के ढाबा संचालक पर एफआईआर दर्ज
